बीते शनिवार (23 मई) खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 68वें मुकाबले में पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को करारी शिकस्त दी। पंजाब के लिए यह मुकाबला ‘करो या मरो’ वाला मुकाबला था, जिसे जीतकर पंजाब ने प्लेऑफ में खेलने की अपनी उम्मीदें बरकरार रखी है।
श्रेयस अय्यर ने जड़ा IPL में पहला शतक
पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने इस मैच में कप्तानी पारी खेलते हुए 51 गेंदों में नाबाद 101 रनों की पारी खेली, जिसके लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ भी चुना गया। श्रेयस अय्यर का यह आईपीएल के इतिहास में पहला शतक था। उनके अलावा इस मैच में प्रभसिमरन सिंह का बल्ला भी खूब जमकर बरसा, पंजाब के लिए पारी की शुरुआत करते हुए उन्होंने उन्होंने 39 गेंदों में 69 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली।

11 साल बाद श्रेयस ने ठोका शतक
श्रेयस अय्यर ने 11 साल आईपीएल में खेलने के बाद पहला शतक लगाया, इसके अलावा उन्होंने आईपीएल में 32 अर्धशतक लगाए हैं। बता दें कि श्रेयस अय्यर ने साल 2015 में आईपीएल डेब्यू किया था और उसके बाद से लगातार अलग-अलग टीमों के लिए खेलते रहे हैं। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में कोलकाता नाइट राइडर्स तीसरी बार चैंपियन बनी थी, जबकि पिछले साल उनकी कप्तानी में पंजाब किंग्स की टीम ने फाइनल तक का सफर तय किया था।
टॉस हारकर LSG ने की पहले बल्लेबाजी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स ने निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 196 रन बनाए। पारी की शरुआत करते हुए जोश इंग्लिस ने सर्वाधिक 72 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली, उनके अलावा चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे युवा बल्लेबाज आयुष बदोनी ने पांच चौके और 3 छक्कों की मदद से ताबड़तोड़ 18 गेंदों पर 43 रन बनाए। इन दोनों बल्लेबाजों के अलावा छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए अब्दुल समद ने 20 गेंदों में नाबाद 37 रनों का योगदान दिया।

