Jal Shakti Departmental Summit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को जल शक्ति मंत्रालय के विभागीय शिखर सम्मेलन के समापन सत्र में शामिल होंगे। पीएम मोदी शाम करीब 4:30 बजे नई दिल्ली के सुषमा स्वराज भवन पहुंचेंगे। इस दौरान वह सम्मेलन को संबोधित भी करेंगे।
जल सुरक्षा पर दो दिन का सम्मेलन
1-2 सितंबर, 2026 को आयोजित यह दो दिवसीय विभागीय शिखर सम्मेलन, प्रधानमंत्री द्वारा परिकल्पित विभागीय शिखर सम्मेलनों की श्रृंखला का पहला सम्मेलन है। इसका मुख्य उद्देश्य ‘टीम इंडिया’ की भावना को मजबूत करना, सहकारी संघवाद को प्रगाढ़ करना और केंद्र एवं राज्यों के बीच बेहतर तालमेल के जरिए राष्ट्रीय प्राथमिकताओं की सामूहिक जिम्मेदारी को बढ़ावा देना है।
केंद्र-राज्यों के सहयोग पर जोर
आधिकारिक बयान के मुताबिक, यह पहल अहम क्षेत्रीय प्राथमिकताओं पर संयुक्त रूप से विचार-विमर्श के लिए एक व्यवस्थित मंच उपलब्ध कराती है। इसका उद्देश्य योजनाओं के तेज और प्रभावी काम के साथ उनके परिणामों में भी तेजी लाना है।
राजनीतिक नेतृत्व और अधिकारी होंगे शामिल
सम्मेलन में केंद्र और राज्य सरकारों के राजनीतिक नेतृत्व के साथ सीनियर अधिकारी भी भाग ले रहे हैं। इसमें प्रमुख प्राथमिकताओं पर चर्चा, बेहतर कार्यप्रणालियों को शेयर करने और योजनाओं के रास्ते में आ रही चुनौतियों का समाधान तलाशने पर जोर रहेगा। साथ ही समयबद्ध कार्ययोजनाएं तैयार की जाएंगी।
चार प्रमुख क्षेत्रों पर रहेगा फोकस
सम्मेलन में जल क्षेत्र से जुड़े चार प्रमुख मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इनमें जल अवसंरचना परियोजनाओं का समय पर काम, जल संचय जन भागीदारी – ‘कैच द रेन’, पेयजल प्रणालियों के लिए स्रोतों की स्थिरता और जल जीवन मिशन के दूसरे चरण के तहत ग्रामीण पेयजल आपूर्ति योजनाओं का संचालन एवं रखरखाव शामिल हैं।
‘जल जीवन मिशन 2.0’ पर मंथन
ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल योजनाओं को बेहतर तरीके से संचालित करने और उनके रखरखाव को मजबूत बनाने के लिए जल जीवन मिशन 2.0 सम्मेलन के प्रमुख केंद्र में रहेगा। सरकार का लक्ष्य केंद्र और राज्यों की साझेदारी के जरिए जल योजनाओं के बेहतर परिणाम सुनिश्चित करना है।
योजनाओं के परिणामों पर भी नजर
इस पहल के जरिए राष्ट्रीय लक्ष्यों के लिए साझा जिम्मेदारी की भावना विकसित करने और यह सुनिश्चित करने पर जोर है कि बैठकों में हुई चर्चा का असर शासन और नागरिक सेवाओं की गुणवत्ता में मापने योग्य सुधार के रूप में दिखाई दे।
Read More:

