Haryanvi Singer Masoom Sharma Death Threats: हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा को उनकी चचेरी बहन की शादी के दौरान जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद जुलाना थाना पुलिस ने एक युवक को नामजद करते हुए कुछ आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
शिकायत में क्या कहा गया
गांव ब्राह्मण निवासी विकास ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 6 जुलाई की रात जुलाना की अग्रसैन धर्मशाला में उसकी चचेरी बहन की शादी का कार्यक्रम था, जिसमें पूरा परिवार मौजूद था। इसी दौरान मासूम शर्मा अपनी बहन प्रिया से मिलने के लिए कमरे में गए। शिकायत के अनुसार, पास के कमरे में कुछ युवक शराब पी रहे थे और उनके पास हथियार भी मौजूद थे। आरोप है कि युवकों ने मासूम शर्मा को गाली देकर आवाज लगाई।
हथियार निकालकर की हाथापाई
शिकायत के मुताबिक, मासूम शर्मा के सुरक्षा गार्ड ने युवकों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान विवाद बढ़ गया। युवकों ने अपने हथियार निकाल लिए और हाथापाई करने लगे। बताया गया कि मासूम शर्मा किसी तरह वहां से सुरक्षित निकल गए। आरोप है कि जाते समय युवकों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
भतीजे के साथ भी मारपीट
परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद आरोपियों ने वहां मौजूद मासूम शर्मा के भतीजे लक्ष्य के साथ भी मारपीट की। शिकायत में यह भी कहा गया कि आरोपियों में कार्तिक नाम का युवक शामिल था। विकास ने आरोप लगाया कि संबंधित युवक किसी बड़ी गैंग से जुड़े हुए हैं और उन्होंने तीन दिन के भीतर मासूम शर्मा की हत्या करने की धमकी भी दी।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
जुलाना थाना के जांच अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर कार्तिक नामक युवक को नामजद करते हुए कुछ अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है और मामले से जुड़े दूसरे आरोपियों की पहचान व तलाश जारी है। फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Read More:

