Gurugram Deepak Nandal Gang Encounter: हरियाणा के गुरुग्राम में देर रात पुलिस और गैंगस्टरों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में दीपक नांदल गैंग के चार शूटर मारे गए, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह मुठभेड़ सुशांत लोक ए-ब्लॉक में हुई, जहां अपराध शाखा की टीमों ने पांच हथियारबंद बदमाशों को घेर लिया। जवाबी कार्रवाई के दौरान 20 से अधिक राउंड फायरिंग हुई। इस दौरान एक एएसआई समेत तीन पुलिस वाले भी गोली लगने से घायल हो गए, जिनका मेदांता अस्पताल में इलाज चल रहा है। गुरुग्राम पुलिस कमिश्नर सिबास कविराज ने चार बदमाशों के मारे जाने और तीन पुलिस वालों के घायल होने की पुष्टि की है।
कैसे हुई मुठभेड़?
पुलिस के अनुसार, क्राइम ब्रांच की टीमों को पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध स्कॉर्पियो में कुछ हथियारबंद अपराधी मौजूद हैं। सूचना मिलने के बाद टीम जब सुशांत लोक क्षेत्र में पहुंची तो बदमाश एक कारोबारी के घर पर हथियारों से फायरिंग कर रहे थे। बताया गया कि कारोबारी को विदेश में बैठे एक इनामी गैंगस्टर की ओर से लगातार फिरौती की धमकियां मिल रही थीं । पुलिस ने पहले बदमाशों को सरेंडर करने की चेतावनी दी, लेकिन उन्होंने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी और मौके से भागने की कोशिश करने लगे।
जवाबी कार्रवाई में 4 बदमाश ढेर
पुलिस ने आत्मरक्षा और अपराधियों को पकड़ने के लिए जवाबी फायरिंग की। इस दौरान सभी पांच शूटरों को गोली लगी। उन्हें तुरंत एक निजी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने चार बदमाशों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक घायल अपराधी का इलाज जारी है।
3 पुलिसकर्मी घायल
मुठभेड़ के दौरान गुरुग्राम पुलिस के एक एएसआई समेत तीन पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हुए। सभी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टर्स उनकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही गुरुग्राम पुलिस के DCP क्राइम और DCP ईस्ट मौके पर पहुंच गए। सीन-ऑफ-क्राइम, एफएसएल और संबंधित पुलिस टीमें घटनास्थल का वैज्ञानिक और तकनीकी निरीक्षण कर सबूत जुटाने में लगी हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मृत और घायल बदमाशों की पहचान, उनके आपराधिक रिकॉर्ड, बरामद हथियारों और दूसरे अहम सबूतों की जानकारी जांच पूरी होने के बाद साझा की जाएगी।
Read More:

