पंजाब के गुरदासपुर(Gurdaspur) जिले में एक सरकारी स्कूल शिक्षक की नहर में छलांग लगाने की घटना सामने आई है। सोमवार को भैणी मियां खां के सरकारी प्राइमरी स्कूल में तैनात शिक्षक गुरप्रीत सिंह ने भट्ठियां पुल के पास नहर में छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।
पुलिस को जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की गई। शिक्षक की तलाश के लिए गोताखोरों की मदद से नहर में सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
घटना से पहले साथी शिक्षक को किया था फोन
जानकारी के मुताबिक, सल्लोपुर निवासी गुरप्रीत सिंह पुत्र महिंदर सिंह सरकारी प्राइमरी स्कूल भैणी मियां खां में शिक्षक के रूप में कार्यरत थे। नहर में जाने से पहले उन्होंने अपने साथी शिक्षक गुरप्रताप सिंह को फोन किया था।
बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान गुरप्रीत सिंह ने कहा कि वह भट्ठियां नहर के पास खड़े हैं और उनकी गाड़ी वहीं मौजूद है, जिसमें उनका सामान रखा हुआ है। उन्होंने फोन पर अपनी परेशानी साझा करते हुए SIR ड्यूटी से जुड़े तनाव की बात कही।
काम पूरा नहीं होने से था परेशान
साथी शिक्षक गुरप्रताप सिंह, सिमरन सिंह और गांव के सरपंच कौशल सिंह के मुताबिक, गुरप्रीत सिंह ने बातचीत में बताया था कि SIR से संबंधित जिम्मेदारी को पूरा करने में उन्हें काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने कथित तौर पर कहा कि वह इस काम के दबाव से बेहद परेशान हो चुके हैं। इसके बाद उन्होंने नहर में छलांग लगा दी। घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल नहर में शिक्षक की तलाश जारी है और पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।