HomeBreaking Newsपूर्व IAS दिव्या मित्तल का बड़ा ऐलान, 2027 के यूपी चुनाव में...

पूर्व IAS दिव्या मित्तल का बड़ा ऐलान, 2027 के यूपी चुनाव में उतरेगी नई पार्टी

उत्तर प्रदेश कैडर की पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा देने के बाद अब राजनीतिक मैदान में उतरने का औपचारिक ऐलान कर दिया है। उन्होंने किसी मौजूदा राजनीतिक दल में शामिल होने के बजाय अपनी खुद की नई पार्टी बनाने का फैसला किया है। उनकी इस नई राजनीतिक पार्टी का नाम ‘जन नीति भारत’ रखा गया है। यह पार्टी आगामी वर्ष 2027 में होने वाला उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव पूरी ताकत के साथ लड़ेगी।

जनता को सीधे निर्णय प्रक्रिया से जोड़ने का लक्ष्य

सोशल मीडिया पर लाइव आकर अपने इस नए सफर की घोषणा करते हुए पूर्व डीएम दिव्या मित्तल ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी का मुख्य उद्देश्य देश की आम जनता को सीधे तौर पर नीति निर्माण और निर्णय प्रक्रिया से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि पार्टी के मूल में तीन प्रमुख वचन होंगे। इसके तहत देश की नीतियां आम लोगों की वास्तविक जरूरतों के मुताबिक तय की जाएंगी, न कि बंद कमरों में। किसानों और छोटे व्यापारियों की समस्याओं का समाधान उनके जमीनी अनुभवों के आधार पर ही निकाला जाएगा।

जाति-धर्म से परे विकास और जनता की सीधी भागीदारी

दिव्या मित्तल ने जोर देकर कहा कि उनकी सरकार या पार्टी में हर प्रशासनिक फैसला और विकास कार्य किसी जाति, धर्म या पहचान के आधार पर नहीं, बल्कि इलाके की वास्तविक जरूरत के हिसाब से तय होगा। महिलाओं की सुरक्षा और स्थानीय स्तर के विकास कार्यों में सीधे तौर पर जनता की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा, सरकारी योजनाओं, बजट और विकास कार्यों से जुड़ी तमाम जानकारियां सीधे नागरिकों के मोबाइल पर उपलब्ध कराई जाएंगी।

रंगों के जरिए जनता करेगी स्कूलों और अस्पतालों की रेटिंग

इस व्यवस्था की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि नागरिक खुद स्कूलों, अस्पतालों और सड़कों की स्थिति को हरे, पीले और लाल रंगों के माध्यम से रेटिंग देंगे। इसके जरिए जनता खुद मूल्यांकन और सुधार प्रक्रिया का अहम हिस्सा बनेगी। दिव्या मित्तल ने यह भी स्पष्ट किया कि यह चुनाव भारी-भरकम विज्ञापनों या अंधाधुंध पैसों के बल पर नहीं, बल्कि घर-घर जाकर जमीन स्तर पर लड़ा जाएगा। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि वे “राजनीति नहीं, जननीति” के इस संदेश को आगे बढ़ाएं।

गंगा की बूंदों का उदाहरण देकर समझाई अपनी सोच

अपने वीडियो संदेश में दिव्या मित्तल ने उन लोगों का आभार व्यक्त किया जिन्होंने पिछली बार उनके राजनीति में आने के ऐलान पर भारी संख्या में मैसेज भेजे थे। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य सिर्फ एक खिड़की खोलना था, लेकिन लोगों के समर्थन ने उन्हें यह रास्ता दिखाया है। गंगा किनारे का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि गंगा में हर बूंद बराबर होती है और रास्ता खुद तय करती है। ठीक उसी तरह उनकी पार्टी का हर व्यक्ति एक बूंद है। उन्होंने साफ कहा कि “राजनीति आप पर राज करती है, लेकिन जननीति में राज आपका होगा।”

शानदार शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रशासनिक अनुभव

मूल रूप से अपनी बेहतरीन कार्यशैली के लिए पहचानी जाने वाली दिव्या मित्तल ने आईआईटी (IIT) दिल्ली से बीटेक और आईआईएम (IIM) बेंगलुरु से एमबीए की डिग्री हासिल की है। इसके बाद उन्होंने कुछ समय तक लंदन में कॉरपोरेट क्षेत्र में सेवाएं दीं, लेकिन विदेशी नौकरी छोड़कर वह भारत लौट आईं। यूपीएससी की कठिन परीक्षा पास कर वह 2013 बैच की आईएएस अधिकारी बनीं। अपने करीब 13 साल के लंबे प्रशासनिक करियर के दौरान उन्होंने मिर्जापुर, देवरिया और संत कबीर नगर जिलों में जिलाधिकारी (DM) समेत कई अहम पदों पर अपनी सेवाएं दी हैं।

 

READ MORE: महिला पत्रकारों से कथित मारपीट पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, निष्पक्ष जांच के लिए बन सकती है कमेटी!

RELATED ARTICLES

2 COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments