HomeBreaking Newsकिराना दुकान की आड़ में 6 लाख डॉलर की ठगी, FBI को...

किराना दुकान की आड़ में 6 लाख डॉलर की ठगी, FBI को भारतीय मूल के मंजीत सिंह बेदी की तलाश, गिरफ्तारी पर 1.5 लाख डॉलर का इनाम

FBI Most Wanted Manjit Singh Bedi: अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी FBI ने भारतीय मूल के मंजीत सिंह बेदी को अपनी मोस्ट वांटेड फ्रॉडस्टर्स सूची में शामिल किया है। बेदी पर अमेरिकी सरकार की फूड असिस्टेंस योजना से जुड़े लाभार्थियों के साथ धोखाधड़ी कर लाखों डॉलर का नुकसान पहुंचाने का आरोप है। FBI के मुताबिक, वह वॉशिंगटन राज्य के टाकोमा शहर में किराना स्टोर चलाता था और सरकारी लाभ पाने वाले लोगों को खाद्य सामग्री देने के बजाय नकद रकम देकर योजना का दुरुपयोग करता था। जांच एजेंसियों का दावा है कि आरोप लगने के बाद वह कनाडा होते हुए भारत भाग गया।

एशियन ग्रोसरी स्टोर में चल रहा था खेल

FBI के अनुसार मंजीत सिंह बेदी टाकोमा में ‘एशियन ग्रोसरी स्टोर’ नाम से एक छोटी सी किराने की दुकान चलाता था। यह दुकान अमेरिकी सरकार के सप्लीमेंटल न्यूट्रिशन असिस्टेंस प्रोग्राम यानी SNAP से जुड़ी हुई थी। आरोप है कि बेदी योजना के लाभार्थियों के इलेक्ट्रॉनिक बेनिफिट ट्रांसफर यानी EBT कार्ड स्वाइप करता था और बदले में उन्हें खाद्य सामग्री देने के बजाय नकद रकम देता था।

रकम का करीब आधा हिस्सा रखता था अपने पास

जांच एजेंसी का आरोप है कि EBT कार्ड के जरिए मिलने वाली राशि में से करीब आधा हिस्सा बेदी खुद रख लेता था। इस तरह सरकारी खाद्य सहायता योजना के लाभार्थियों को नकद रकम देने के साथ-साथ वह सरकारी फंड का भी गलत इस्तेमाल कर रहा था।

6 लाख डॉलर से ज्यादा का अमेरिकी सरकार को नुकसान

FBI के मुताबिक, मार्च 2024 से जून 2025 के बीच बेदी ने अमेरिकी सरकार को कम से कम 6 लाख अमेरिकी डॉलर का नुकसान पहुंचाया। इस मामले में उस पर वायर फ्रॉड और SNAP लाभ धोखाधड़ी से जुड़े आरोप लगाए गए हैं। FBI ने बताया कि बेदी अमेरिकी नागरिकता प्राप्त कर चुका था और कानूनी रूप से अमेरिका में रह रहा था।

अदालत की शर्तों के बावजूद हुआ फरार

FBI के अनुसार आरोप तय होने के बाद बेदी को तत्काल गिरफ्तार नहीं किया गया था, बल्कि उसे अदालत में पेश होने की अनुमति दी गई थी। अदालत ने उसे अपना पासपोर्ट जमा कराने और वॉशिंगटन राज्य की सीमा के भीतर रहने का निर्देश दिया था। हालांकि, एजेंसी का दावा है कि उसने इन शर्तों का उल्लंघन किया और सड़क मार्ग से कनाडा पहुंच गया। इसके बाद वह कनाडा से भारत भाग निकला।

गिरफ्तारी और दोषसिद्धि तक 1.5 लाख डॉलर का इनाम

FBI ने मंजीत सिंह बेदी की गिरफ्तारी और दोषसिद्धि तक पहुंचाने वाली जानकारी देने वाले व्यक्ति को 1 लाख 50 हजार डॉलर तक का इनाम देने की घोषणा की है। एजेंसी के मुताबिक, निगरानी संबंधी शर्तों के उल्लंघन के मामले में 21 मई को अमेरिकी जिला अदालत ने बेदी के खिलाफ संघीय गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया था।

FBI ने लोगों से मांगी मदद

फिलहाल एफबीआई मंजीत सिंह बेदी की तलाश में जुटी हुई है। एजेंसी ने उससे संबंधित जानकारी रखने वाले लोगों से अधिकारियों को सूचना देने की अपील की है। मामले में बेदी पर लगे आरोपों की जांच जारी है।

Read More:

देशभर में आज श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम, मथुरा से द्वारका तक गूंज रहा नंदलाल का नाम, काशी से भेजे गए खास उपहार

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments