HomeBreaking Newsआज फर्रुखाबाद दौरे पर CM योगी, 1,000 बाढ़ पीड़ितों को बाटेंगे राहत...

आज फर्रुखाबाद दौरे पर CM योगी, 1,000 बाढ़ पीड़ितों को बाटेंगे राहत किट, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

CM Yogi Farrukhabad Visit: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज बृहस्पतिवार सुबह 11:30 बजे हेलीकॉप्टर से फर्रुखाबाद पुलिस लाइन मैदान पहुंचेंगे। यहां वह जनसभा को संबोधित करने के साथ बाढ़ प्रभावित लोगों से जुड़े राहत कार्यों की जानकारी लेंगे। मुख्यमंत्री करीब 40 मिनट फर्रुखाबाद में रुकेंगे और दोपहर 12:20 बजे हेलीकॉप्टर से लखनऊ रवाना हो जाएंगे।

गंगा की बाढ़ से हजारों परिवार प्रभावित

गंगा में आई बाढ़ से जिले के करीब 70 गांव प्रभावित हैं। इनमें 19,295 परिवारों के 78,671 लोग बाढ़ से घिरे हुए हैं। करीब 7,200 हेक्टेयर फसलें प्रभावित हुई हैं, जबकि 127 ग्रामीण बेघर हुए हैं। फिलहाल गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु से पांच सेंटीमीटर ऊपर है।

1,000 लोगों को मिलेगी राहत किट

मुख्यमंत्री जनसभा के दौरान 1,000 बाढ़ पीड़ितों को 26 प्रकार की सामग्री वाली राहत किट वितरित करेंगे। प्रशासन पहले ही 96 बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को आवास के लिए 1.20 लाख रुपये और 67 लोगों को आवासीय पट्टा दे चुका है।

31 बेघर लोगों को जमीन और आवास का सहारा

मुख्यमंत्री 31 बेघर बाढ़ पीड़ितों को मुख्यमंत्री आवासीय भूमि का पट्टा देंगे। इसके साथ ही आवास निर्माण के लिए 1.20 लाख रुपये का चेक भी वितरित किया जाएगा। इससे बाढ़ में घर गंवा चुके परिवारों को दोबारा बसने में मदद मिलेगी।

7,500 लोगों के बैठने की व्यवस्था

मुख्यमंत्री की सभा के लिए पुलिस लाइन में 6,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में पंडाल और मंच तैयार किया गया है। पंडाल में 7,500 लोगों के बैठने के लिए भगवा रंग की कुर्सियां लगाई गई हैं। ग्रामीणों को सभा स्थल तक लाने के लिए 174 बसों की व्यवस्था की गई है।

676 वर्गमीटर में तैयार हुआ हेलीपैड

मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर सीधे पुलिस लाइन मैदान में उतरेगा। पीडब्ल्यूडी ने 26 गुणा 26 यानी 676 वर्गमीटर क्षेत्र में हेलीपैड तैयार किया है। यहां ईंटें बिछाई गई हैं और हेलीपैड से मंच तक पहुंचने के लिए रास्ता बनाया गया है।

100 से ज्यादा कर्मचारी सफाई में जुटे

पुलिस लाइन गेट से मैदान तक सफाई के लिए 100 से अधिक कर्मचारी लगाए गए। गेट पर पेंट कराया गया और मलेरिया विभाग ने एंटी लार्वा का छिड़काव किया। पीडब्ल्यूडी ने तिर्वा तिराहे से पुलिस लाइन गेट तक 275 मीटर में इंटरलॉकिंग का काम भी कराया है।

10 पार्किंग स्थल बनाए गए

मुख्यमंत्री की सभा में आने वाले वाहनों के लिए 10 पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। इनमें फतेहगढ़ का जेजेआर गेस्ट हाउस, डीएन कॉलेज, कृष्णा लॉज पार्किंग, ऑफिसर्स क्लब के पीछे, रोडवेज वर्कशॉप, फतेहगढ़ स्टेडियम और रामप्यारी गेस्टहाउस शामिल हैं। जेएनवी रोड स्थित दरगाह हजरत शाह के पास भी वाहन खड़े किए जाएंगे। रखा बालिका इंटर कॉलेज से सेंट्रल जेल चौराहे तक करीब दो किलोमीटर सड़क किनारे पार्किंग की व्यवस्था है। सातनपुर मंडी में इमरजेंसी पार्किंग रखी गई है।

400 पुलिसकर्मी समेत बड़ा सुरक्षा घेरा

सीओ सिटी अभय वर्मा के मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था के लिए कानपुर रेंज से करीब 400 पुलिसकर्मी बुलाए गए हैं। बाहर से 16 सीओ, छह अपर पुलिस अधीक्षक, 60 इंस्पेक्टर, 300 सब इंस्पेक्टर और करीब 400 आरक्षी भी लगाए गए हैं।

चार ब्लॉक में बांटा गया सभास्थल

डीआईजी यमुना प्रसाद ने पुलिस लाइन पहुंचकर सभास्थल, पंडाल और मंच का निरीक्षण किया। सुरक्षा के लिए सभास्थल को चार ब्लॉकों में बांटकर पुलिस टीमों की ड्यूटी लगाई गई है। अधिकारियों के साथ ब्रीफिंग भी की गई।

20 वीआईपी कारें भी पहुंचीं

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में अधिकारियों के इस्तेमाल के लिए परिवहन निगम से 20 वीआईपी कारें मंगाई गई हैं। बरेली, प्रयागराज, इटावा, झांसी, बरेली, अलीगढ़ समेत सात रीजन से वाहन बुलाए गए हैं। सभी वाहन देर शाम तक प्रशासन के अधीन कर दिए गए।

Read More:

BJP शासित राज्यों के मंत्रियों का आज प्रशिक्षण शिविर, करीब 25 मंत्री होंगे शामिल, PM मोदी से मुलाकात भी संभव

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments