Meta Faces Legal Challenge: अमेरिका के 29 राज्यों ने Instagram को लेकर Meta के खिलाफ कानूनी मोर्चा खोल दिया है। राज्यों के वकीलों का आरोप है कि Meta को पहले से पता था कि Instagram का इस्तेमाल बच्चों और टीनएजर्स के लिए नुकसानदायक हो सकता है। इसके बावजूद कंपनी ने ऐसे फीचर्स में जरूरी बदलाव नहीं किए, जिन्हें युवाओं को लंबे समय तक ऐप पर बनाए रखने के लिए डिजाइन किया गया था।
ओकलैंड की संघीय अदालत में सुनवाई
यह मामला कैलिफोर्निया के ओकलैंड की संघीय अदालत में चल रही बड़ी कानूनी लड़ाई का हिस्सा है। मामले की सुनवाई करीब 6 से 8 हफ्ते तक चलने की संभावना है। सुनवाई के दौरान राज्यों की ओर से Meta की नीतियों और उसके इंटरनल रिकॉर्ड को अदालत के सामने रखा जा रहा है।
Meta पर बच्चों की मानसिक सेहत को लेकर आरोप
कैलिफोर्निया की डिप्टी अटॉर्नी जनरल मेगन ओ’नील ने जूरी के सामने Meta पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कंपनी को Instagram और Facebook के कुछ फीचर्स से बच्चों की मानसिक सेहत पर पड़ने वाले असर की जानकारी थी, लेकिन इसके बावजूद उसने जरूरी कदम नहीं उठाए।
मुनाफे को बच्चों की सुरक्षा से ऊपर रखने का आरोप
ओ’नील ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी केवल माता-पिता की नहीं है, बल्कि सोशल मीडिया कंपनियों की भी इसमें बड़ी भूमिका है। राज्यों के वकीलों का आरोप है कि Meta खतरों से परिचित होने के बावजूद बच्चों की सुरक्षा के बजाय अपने कारोबार और मुनाफे को प्राथमिकता देती रही।
इंटरनल डॉक्यूमेंट और ईमेल बन सकते हैं अहम सबूत
राज्यों के वकीलों के मुताबिक, सुनवाई के दौरान Meta के कुछ इंटरनल डॉक्यूमेंट और ईमेल भी पेश किए जाएंगे। इनमें टीनएजर यूजर्स को लेकर कंपनी की सोच का पता चलता है। एक डॉक्यूमेंट में लिखा था, ‘the young ones are the best ones.’ वहीं, दूसरे डॉक्यूमेंट में कहा गया था कि टीनएजर Instagram से जुड़े हुए हैं, भले ही उन्हें इससे अच्छा महसूस न हो और Instagram की लत लग सकती है।
13 साल से कम उम्र के बच्चों का डेटा लेने का आरोप
साल 2023 में दाखिल 233 पेज की शिकायत में Meta पर बच्चों का डेटा लेने का भी आरोप लगाया गया है। राज्यों का दावा है कि कंपनी ने 13 साल से कम उम्र के बच्चों का डेटा उनके माता-पिता की अनुमति के बिना इकट्ठा किया। आरोप है कि यह कई संघीय और राज्य कानूनों का उल्लंघन है।
200 अरब डॉलर तक के जुर्माने का दावा
राज्यों का कहना है कि Meta को बच्चों के लिए नुकसानदायक माने जा रहे फीचर्स की जानकारी होने के बावजूद कंपनी उन्हें हटाने या उनमें बदलाव करने से बचती रही। मामले में Meta पर 200 अरब डॉलर तक का जुर्माना लग सकता है।
Meta ने आरोपों को बताया गलत
Meta ने राज्यों के सभी आरोपों से इनकार किया है। कंपनी के वकील पॉल श्मिट ने अदालत में कहा कि राज्यों के वकील इंटरनल डॉक्यूमेंट और ईमेल की चुनिंदा बातों को पेश कर रहे हैं। उनका कहना है कि इन दस्तावेजों को पूरे संदर्भ में देखा जाना चाहिए और राज्यों की ओर से पेश की जा रही सामग्री को उसके मूल संदर्भ से अलग करके दिखाया गया है।
बदल सकते हैं Instagram-Facebook के फीचर्स?
अगर अदालत में राज्यों के आरोप साबित होते हैं, तो इसका असर सिर्फ Meta पर लगने वाले भारी जुर्माने तक सीमित नहीं रहेगा। कंपनी को बच्चों और टीनएजर्स के लिए Instagram और Facebook के कुछ फीचर्स में बड़े बदलाव भी करने पड़ सकते हैं।
Read More:
हिमाचल प्रदेश में भूकंप के कई झटके, कांगड़ा-चंबा में दहशत, घरों से बाहर निकले लोग

