बेंगलुरु(Bengaluru News) में ट्रैफिक नियमों पर नजर रखने वाले AI आधारित कैमरे की एक चौंकाने वाली गलती सामने आई है। यहां एक दोपहिया वाहन चालक को पीछे बैठी सवारी के हेलमेट नहीं पहनने के आरोप में 500 रुपये का चालान भेज दिया गया। हैरानी की बात यह थी कि बाइक पर चालक के अलावा कोई व्यक्ति था ही नहीं।
यह मामला 15 सितंबर 2026 का बताया जा रहा है। सौविक दत्ता के अनुसार, वह अपनी पत्नी का दोपहिया वाहन अकेले चला रहे थे। उन्होंने उस समय हेलमेट पहन रखा था और उनकी पीठ पर एक गिटार टंगा हुआ था।
गिटार को समझ लिया इंसान
यात्रा के दौरान ट्रैफिक कैमरे ने उनकी तस्वीर रिकॉर्ड की। तस्वीर में दत्ता हेलमेट पहने बाइक चलाते दिखाई दे रहे हैं, जबकि पीछे उनकी पीठ पर गिटार लटका हुआ साफ नजर आ रहा है। इसके बावजूद बाद में वाहन के मालिक के नाम पर चालान जारी कर दिया गया।
चालान में आरोप लगाया गया कि पीछे बैठी सवारी ने हेलमेट नहीं पहना था। इससे ऐसा प्रतीत हुआ कि AI सिस्टम ने पीठ पर लटके गिटार को पीछे बैठे व्यक्ति के रूप में पहचान लिया। चूंकि वाहन दत्ता की पत्नी के नाम पर था, इसलिए चालान भी उनके नाम पर जारी हुआ।
सोशल मीडिया पर साझा किया मामला
दत्ता ने 26 सितंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस घटना की जानकारी साझा की। उन्होंने चालान से जुड़ी तस्वीर भी पोस्ट की और बेंगलुरु ट्रैफिक पुलिस से इसे देखने तथा गलत चालान रद्द करने का अनुरोध किया।
पुलिस ने दिया जवाब
दत्ता की पोस्ट पर बेंगलुरु ट्रैफिक पुलिस ने प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें संबंधित मामले में सुधार के लिए ई-मेल करने या दिए गए संपर्क नंबरों पर बात करने की सलाह दी।
इस घटना ने AI आधारित ट्रैफिक निगरानी की सटीकता को लेकर सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल यह देखना बाकी है कि शिकायत के बाद चालान में सुधार किया जाता है या उसे रद्द किया जाता है।