जयपुर(Jaipur) के सांगानेर सदर थाना क्षेत्र में सीतापुरा स्थित बालाजी मार्केट में मंगलवार देर रात मर्सिडीज कंपनी के वर्कशॉप में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में वर्कशॉप के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में करीब 8 कारें, कारों की एसेसरीज और कई महंगे पार्ट्स जलकर खराब हो गए। आग से उठता धुआं करीब 5 किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रहा था।
आग की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग को आसपास के इलाकों में फैलने से रोकने के लिए वर्कशॉप के आसपास की बिजली आपूर्ति भी बंद कराई गई। दमकल की करीब 10 गाड़ियों ने लगातार कार्रवाई करते हुए दो दर्जन से अधिक चक्कर लगाए। लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
वर्कशॉप में खड़ी थीं 50 से ज्यादा कारें
हादसे के समय वर्कशॉप परिसर में नई और पुरानी मिलाकर 50 से अधिक कारें मौजूद थीं। आग तेजी से फैलती देख दमकल कर्मियों और पुलिस ने कई वाहनों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस कार्रवाई से संभावित बड़े नुकसान को काफी हद तक टाला जा सका। फायर ऑफिसर उषा शर्मा के मुताबिक, आग बुझाने के लिए करीब 10 दमकलों को लगाया गया था।
शॉर्ट सर्किट की आशंका
सांगानेर सदर थाना अधिकारी कमलेश शर्मा ने बताया कि कई वाहनों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। आग के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।