HomeBreaking Newsकेंद्र सरकार ने पासपोर्ट नियमों में किया बड़ा बदलाव, फीस से लेकर...

केंद्र सरकार ने पासपोर्ट नियमों में किया बड़ा बदलाव, फीस से लेकर वैलिडिटी तक जानिए क्या-क्या बदला?

Passport Rules Changes: केंद्र सरकार ने पासपोर्ट नियमों में बड़ा बदलाव किया है। विदेश मंत्रालय के नए नियमों के मुताबिक अब 15 साल से कम उम्र के बच्चों को जारी होने वाला 36 पेज का सामान्य पासपोर्ट 5 साल तक ही वैलिड रहेगा। हालांकि, अगर बच्चा 5 साल पूरे होने से पहले 18 साल का हो जाता है, तो पासपोर्ट की वैधता उसी समय खत्म हो जाएगी। यानी 5 साल या 18 साल की उम्र, इनमें जो पहले आएगा, वही पासपोर्ट की अंतिम वैधता सीमा होगी।

14 साल की उम्र में पासपोर्ट बनवाने पर क्या होगा

नए नियम को एक उदाहरण से समझें तो अगर किसी बच्चे का पासपोर्ट 14 साल की उम्र में बनता है, तो उसे 5 साल की अवधि के लिए जारी किया जाएगा, लेकिन बच्चे के 18 साल का होते ही उसकी वैधता खत्म हो जाएगी। इस तरह पासपोर्ट की वास्तविक वैधता 5 साल से कम भी हो सकती है।

17 सितंबर को जारी हुआ संशोधन

विदेश मंत्रालय ने पासपोर्ट नियम संशोधन नियम 2026 को 17 सितंबर को भारत के राजपत्र में प्रकाशित किया है। इसके जरिए 1980 के पासपोर्ट नियमों में बदलाव किया गया है। संशोधित नियम 12(1ए) में 15 साल से कम उम्र के बच्चों के 36 पेज वाले सामान्य पासपोर्ट की वैधता को लेकर नया प्रावधान जोड़ा गया है।

आवेदन शुल्क से जुड़ा नियम भी बदला

नियमों में केवल पासपोर्ट की वैधता को लेकर ही बदलाव नहीं हुआ है। नियम 8 में पासपोर्ट आवेदन शुल्क से संबंधित प्रावधान भी बदला गया है। अब अलग-अलग श्रेणी के आवेदन के लिए शुल्क नियमों की अनुसूची-4 में निर्धारित राशि के अनुसार लिया जाएगा। हालांकि सितंबर में किए गए इस बदलाव से पासपोर्ट की फीस नहीं बढ़ी है। पासपोर्ट शुल्क में बढ़ोतरी पहले ही की जा चुकी है।

1 जुलाई से लागू हैं नई फीस

पासपोर्ट की फीस में बढ़ोतरी 20 जून 2026 को की गई थी और नई दरें 1 जुलाई 2026 से लागू हो चुकी हैं। 36 पन्नों वाले सामान्य पासपोर्ट की फीस 1,500 रुपये से बढ़ाकर 2,500 रुपये कर दी गई है। वहीं इसी पासपोर्ट के लिए तत्काल सेवा की फीस 3,500 रुपये से बढ़कर 5,000 रुपये हो गई है।

60 पेज वाले पासपोर्ट की फीस भी बढ़ी

60 पन्नों वाले सामान्य पासपोर्ट की फीस भी बढ़ाई गई है। पहले इसके लिए 2,000 रुपये देने होते थे, जबकि अब शुल्क 3,500 रुपये है। वहीं 60 पन्नों वाले पासपोर्ट की तत्काल फीस 4,000 रुपये से बढ़कर 6,000 रुपये कर दी गई है।

पासपोर्ट खोने या खराब होने पर ज्यादा शुल्क

60 पन्नों वाला पासपोर्ट खो जाने या खराब हो जाने की स्थिति में तत्काल नया पासपोर्ट बनवाने की फीस में भी बढ़ोतरी हुई है। पहले इसके लिए 5,500 रुपये शुल्क देना पड़ता था, जो अब बढ़कर 8,500 रुपये हो गया है।

बच्चों के पासपोर्ट की फीस कितनी है

18 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए 36 पन्नों वाले सामान्य पासपोर्ट की फीस अब 1,750 रुपये है। पहले यह शुल्क 1,000 रुपये था। वहीं बच्चे का पासपोर्ट तत्काल सेवा के तहत बनवाने पर 3,000 रुपये फीस देनी होगी।

बच्चों और बुजुर्गों को मिलती रहेगी छूट

नए पासपोर्ट के लिए 8 साल तक के बच्चों और 60 साल से ज्यादा उम्र के बुजुर्गों को 10 फीसदी की छूट मिलती रहेगी। हालांकि यह छूट पासपोर्ट के रिन्यू या रिप्लेसमेंट के लिए किए जाने वाले आवेदन पर लागू नहीं होगी।

Read More:

आतंकियों से निपटने की गई खास ड्रिल, भारत-अमेरिका के युद्ध अभ्यास में शामिल हुए Robotic Dogs

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments