नागपुर(Nagpur) के कलमना थाना क्षेत्र स्थित भरतवाड़ा चौक पर तेज रफ्तार कार की सड़क किनारे खड़े ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कार तेज रफ्तार से आती दिखाई दे रही है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, कार टाटा कंपनी की इलेक्ट्रिक कार (EV) थी। इसमें तीन युवक सवार थे और वे अपने एक दोस्त की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने जा रहे थे।
भरतवाड़ा चौक के पास अचानक चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया और कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। इस हादसे में भौमिक लारोकर और सागर मेलवानी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, मिहिर बेहर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही कलमना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिए हैं। फिलहाल हादसे की वजह और घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
कोलकाता में भी हादसे ने ली जान
इसी बीच, कोलकाता के केष्टोपुर इलाके में कार चलाने की प्रैक्टिस के दौरान एक महिला की भी जान जाने की खबर सामने आई है। बताया गया कि सुमित्रा दास की कार अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरी थी। यह तालाब करीब 10 से 12 फीट गहरा था जिसके कारण पूरी कार पानी में डूब गई। स्थानीय लोगों ने महिला को बचाने की कोशिश की और कार से बाहर निकालने का प्रयास किया लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।