Rudraprayag: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच मंदाकिनी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नगर पंचायत तिलवाड़ा में नदी किनारे लकड़ियां निकालने गई तीन स्थानीय महिलाएं अचानक तेज बहाव के बीच फंस गईं। सूचना मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद तीनों महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
अचानक बढ़े जलस्तर से घिर गईं महिलाएं
मंगलवार सुबह करीब 11 बजे गीता देवी, पिंकी देवी और लक्ष्मी देवी तिलवाड़ा क्षेत्र में मंदाकिनी नदी से लकड़ियां निकालने गई थीं। इसी दौरान नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया और तेज बहाव ने तीनों महिलाओं को चारों ओर से घेर लिया। बढ़ता जलस्तर उनके लिए गंभीर खतरा बन गया था।
सूचना मिलते ही शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की जानकारी मिलते ही सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र डिमरी समेत कई स्थानीय लोगों ने तुरंत एसडीआरएफ को सूचना दी। सूचना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए। एसडीआरएफ की टीम ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में रेस्क्यू अभियान चलाया और तीनों महिलाओं को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया।
स्थानीय लोगों ने भी निभाई अहम भूमिका
स्थानीय निवासी हैप्पी असवाल ने बताया कि एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों की सूझबूझ और संयुक्त प्रयासों से तीनों महिलाओं को सुरक्षित बचा लिया गया। इस दौरान शशि नौटियाल, हेमंत जगवाण और कुलदीप सजवाण ने भी रेस्क्यू अभियान में सहयोग किया।
प्रशासन ने लोगों से की सावधानी बरतने की अपील
लगातार हो रही बारिश के कारण मंदाकिनी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी में बहकर आ रही लकड़ियां, मलबा या अन्य सामान निकालने के लिए किसी भी स्थिति में नदी के बीच न जाएं। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि मानसून के दौरान नदी का जलस्तर कुछ ही मिनटों में अचानक बढ़ सकता है, जिससे लोगों की जान खतरे में पड़ सकती है।
Read More:

