स्विगी के स्वामित्व वाले क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म इंस्टामार्ट में बड़ा बदलाव हुआ है। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) अमितेश कुमार झा ने इस्तीफा दे दिया है। कंपनी ने मंगलवार को नियामकीय फाइलिंग में इसकी जानकारी दी। अमितेश कुमार झा ने संगठन के बाहर नए व्यापारिक अवसरों की तलाश के लिए यह फैसला लिया है। उनके स्थान पर नंदिता सिन्हा को इंस्टामार्ट का नया CEO नियुक्त किया गया है। वह 3 अगस्त 2026 से अपना कार्यभार संभालेंगी।
नए अवसरों की तलाश में छोड़ा पद
कंपनी के अनुसार, अमितेश कुमार झा ने अपना इस्तीफा स्विगी के प्रबंध निदेशक और ग्रुप CEO श्रीहरषा मजेटी को सौंपा। अपने इस्तीफा पत्र में उन्होंने कहा कि वह संगठन से बाहर नए अवसरों की तलाश करना चाहते हैं। क्विक कॉमर्स सेक्टर में तेजी से बदलते कारोबारी माहौल और बढ़ते कॉम्पिटिशन के बीच नेतृत्व स्तर पर बदलाव को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अमितेश कुमार झा के कार्यकाल में इंस्टामार्ट ने भारतीय बाजार में अपनी मजबूत मौजूदगी बनाई और क्विक कॉमर्स क्षेत्र के प्रमुख प्लेटफॉर्मों में अपनी पहचान स्थापित की।
मिंत्रा से इंस्टामार्ट पहुंचीं नंदिता सिन्हा
नई CEO नंदिता सिन्हा इससे पहले फैशन ई-कॉमर्स कंपनी मिंत्रा की मुख्य कार्यकारी अधिकारी रह चुकी हैं। बता दें कि उनका जन्म उत्तर प्रदेश के लखनऊ में था। उन्हें डिजिटल रिटेल, ई-कॉमर्स और उपभोक्ता व्यवहार की अच्छी समझ रखने वाली अनुभवी बिजनेस लीडर माना जाता है। मिंत्रा में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंपनी की ग्रोथ, बाजार हिस्सेदारी बढ़ाने और ग्राहक अनुभव को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाई। अब उनसे इंस्टामार्ट की विकास रणनीति को नई दिशा देने की उम्मीद की जा रही है।
नई जिम्मेदारी को लेकर क्या बोलीं नंदिता सिन्हा?
नंदिता सिन्हा ने अपनी नियुक्ति पर कहा कि इंस्टामार्ट आज भारत में रोजमर्रा की जरूरतों की खरीदारी का अहम हिस्सा बन चुका है। उन्होंने कहा कि वह कंपनी की टीम, भागीदारों और ग्राहकों के साथ मिलकर इंस्टामार्ट के विकास के अगले चरण को आगे बढ़ाने के लिए उत्साहित हैं।
Read More
छात्रों के चेहरे के पीछे छिपे थे हत्यारे और डकैत, दिल्ली पुलिस की रिपोर्ट ऐसे 2,873 लोगों की पहचान

