HomeBreaking Newsस्विगी इंस्टामार्ट के CEO अमितेश झा ने पद से दिया इस्तीफा, अब...

स्विगी इंस्टामार्ट के CEO अमितेश झा ने पद से दिया इस्तीफा, अब Myntra से आईं नंदिता सिन्‍हा संभालेंगी कमान

Nandita Sinha Swiggy Instamart New CEO: भारत के क्विक कॉमर्स सेक्टर की प्रमुख कंपनी स्विगी इंस्टामार्ट में बड़ा बदलाव हुआ है। कंपनी के CEO अमितेश कुमार झा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस्तीफे के बाद कंपनी ने नंदिता सिन्हा को नया CEO नियुक्त किया है। वह 3 अगस्त 2026 से अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगी। यह बदलाव ऐसे समय में हुआ है, जब भारत का क्विक कॉमर्स बाजार तेजी से विस्तार कर रहा है और कंपनियों के बीच कंपटीशन लगातार बढ़ रही है।

इस्तीफे की वजह क्या बताई गई?

स्विगी इंस्टामार्ट के CEO अमितेश कुमार झा के तत्काल प्रभाव से इस्तीफा देने के पीछे फिलहाल कोई खास कारण सामने नहीं आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया है कि वह अन्य अवसरों की तलाश में कंपनी छोड़ रहे हैं। उनके स्थान पर नंदिता सिन्हा को नई CEO नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह Myntra से जुड़ी रही हैं और हाल ही में उन्होंने Myntra की CEO और फ्लिपकार्ट फैशन प्रमुख के पद से भी इस्तीफा दिया था।

कौन हैं नंदिता सिन्हा?

नंदिता सिन्हा भारतीय ई-कॉमर्स और फैशन इंडस्ट्री की प्रमुख बिजनेस लीडर्स में गिनी जाती हैं। उनके नेतृत्व में Myntra ने ऑनलाइन फैशन बाजार में अपनी मजबूत पहचान बनाई। उनका जन्म उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हुआ था। उनका पालन-पोषण ऐसे परिवार में हुआ, जहां शिक्षा और तर्कसंगत सोच को हमेशा महत्व दिया जाता था। नंदिता को एक ऐसी प्रोफेशनल लीडर माना जाता है, जो डेटा, कस्टमर्स की जरूरत और बिजनेस स्ट्रैटजी के बीच सही संतुलन बनाने में विश्वास रखती हैं।

अमितेश झा का रहा लंबा अनुभव

अमितेश कुमार झा देश के प्रमुख ई-कॉमर्स प्रोफेशनल्स में गिने जाते हैं। उन्हें इस क्षेत्र में 20 साल से अधिक का अनुभव है। स्विगी से जुड़ने से पहले उन्होंने करीब 14 सालों तक फ्लिपकार्ट में काम किया, जहां उन्होंने कंपनी के कई अहम कारोबार की जिम्मेदारी संभाली। ई-कॉमर्स और ऑपरेशंस मैनेजमेंट में उनका अनुभव उद्योग में काफी अहम माना जाता है।

किन कारोबारों की संभाली जिम्मेदारी?

स्विगी इंस्टामार्ट के पूर्व CEO अमितेश कुमार झा के नेतृत्व में कंपनी के स्मार्टफोन, फैशन, रोजमर्रा के इस्तेमाल का सामान (जनरल मर्चेंडाइज) और कई बड़ी कैटेगरी का काम आगे बढ़ा। इसके अलावा उन्होंने कंपनी के लॉजिस्टिक्स यानी ऑर्डर ग्राहकों तक पहुंचाने वाले नेटवर्क का भी नेतृत्व किया। मिंट की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि स्विगी ने जानकारी दी थी कि उन्हें आने वाले समय में इस इंडस्ट्री में कई नए अवसर और बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

शिक्षा भी रही मजबूत आधार

अमितेश कुमार झा ने आईआईटी दिल्ली से केमिकल इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की है। इसके बाद उन्होंने आईआईएम अहमदाबाद से एमबीए किया। दो दशक से अधिक के अनुभव के साथ उन्होंने ई-कॉमर्स सेक्टर में कई अहम भूमिकाएं निभाईं और स्विगी इंस्टामार्ट के विस्तार में भी अहम योगदान दिया है।

क्विक कॉमर्स सेक्टर पर रहेगी नजर

स्विगी इंस्टामार्ट में यह नेतृत्व परिवर्तन ऐसे समय में हुआ है, जब भारत का क्विक कॉमर्स बाजार तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में नंदिता सिन्हा के नेतृत्व में कंपनी आगे किस रणनीति के साथ बाजार में अपनी स्थिति मजबूत करती है, इस पर उद्योग और ग्राहक दोनों की नजर रहेगी।

Read More:

कांवड़ यात्रा से पहले दिल्ली सरकार का बड़ा ऐलान, अब समितियों को मिलेगा 15 लाख रुपये तक अनुदान

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments