Weather Update: देशभर में लोग भीषण गर्मी और लू से परेशान हैं लेकिन इसी के बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने सुकून भरी खबर दी है। दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और अगले 3 से 4 दिनों में इसके और तेज होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून ने दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर, कोमोरिन क्षेत्र, बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों और अंडमान सागर के ज्यादातर इलाकों में दस्तक दे दी है। IMD का कहना है कि मानसून जल्द आ सकता है।
उत्तर भारत में अभी जारी रहेगा लू का कहर
हालांकि मानसून की प्रगति के बावजूद उत्तर और मध्य भारत को फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भीषण लू चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में ‘सीवियर हीटवेव’ यानी बेहद खतरनाक लू की चेतावनी जारी की है।
ब्रह्मपुरी बना सबसे गर्म शहर
भीषण गर्मी के बीच महाराष्ट्र का ब्रह्मपुरी शुक्रवार को देश का सबसे गर्म इलाका दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 47.1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इसके अलावा पूर्वी मध्य प्रदेश, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस तक अधिक रिकॉर्ड किया गया।
दक्षिण-पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
एक तरफ उत्तर भारत गर्मी से झुलस रहा है, वहीं दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश की गतिविधियां तेज होने लगी हैं। IMD ने केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, असम और मेघालय में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। कई क्षेत्रों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
दिल्ली-NCR में राहत के बाद फिर बढ़ेगी गर्मी
दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को पश्चिमी विक्षोभ के असर से धूलभरी आंधी और हल्की बारिश देखने को मिली, जिससे लोगों को कुछ समय के लिए राहत जरूर मिली। लेकिन मौसम विभाग का कहना है कि यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं टिकेगी। 24 मई से 28 मई के बीच राजधानी में फिर से हीटवेव का असर तेज होगा और तापमान में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है। कई इलाकों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।
रात में बढ़ेगी बेचैनी
दिल्ली में केवल दिन ही नहीं, बल्कि रात का तापमान भी बढ़ने का अनुमान है। इससे उमस और गर्म हवाओं के कारण लोगों की परेशानी और बढ़ सकती है। हालांकि 28 मई के बाद एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तापमान में हल्की गिरावट आने की संभावना जताई गई है।
UP-बिहार में मौसम का दोहरा असर
उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश में भीषण लू और 46 डिग्री तक तापमान पहुंचने की चेतावनी दी गई है। वहीं पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में 23 और 24 मई को गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
बिहार में भी मौसम तेजी से करवट बदल सकता है। 25 से 27 मई के बीच कई जिलों में तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक कुछ इलाकों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। उत्तर बिहार में भारी बारिश का भी अलर्ट जारी किया गया है।
झारखंड और उत्तराखंड में भी अलर्ट
झारखंड में पश्चिमी हिस्सों में लू का असर बना रहेगा, जबकि 24 और 25 मई को कई जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने थंडरस्क्वॉल और बिजली गिरने की चेतावनी भी दी है।
वहीं उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में तेज हवाओं और हल्की बारिश का अनुमान है। मौसम अचानक बदलने की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
पूर्वोत्तर राज्यों में बाढ़ का खतरा
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, त्रिपुरा और मिजोरम में मानसूनी गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं। IMD ने इन राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव और भूस्खलन की स्थिति बन सकती है।
समुद्री इलाकों के लिए चेतावनी जारी
मौसम विभाग ने अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में समुद्री गतिविधियां तेज होने की चेतावनी भी दी है। केरल, कर्नाटक और लक्षद्वीप तट के आसपास 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक तेज हवाएं चल सकती हैं। मछुआरों को फिलहाल समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। IMD के मुताबिक बंगाल की खाड़ी और दक्षिण अरब सागर में तेजी से बदल रहा मौसम आने वाले दिनों में मानसून को और मजबूत कर सकता है।
Read More:

