नोएडा में युवराज मेहता के बाद एक और युवा की दर्दनाक मौत ने लोगों को झकझोर दिया है। गाजियाबाद के इंदिरापुरम निवासी 23 वर्षीय हर्षित भट्ट(Harshit Bhatt) की परीक्षा खत्म होने के बाद दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने के दौरान 80 फुट गहरे पानी भरे निर्माण स्थल में डूबकर मौत हो गई। हर्षित एमिटी यूनिवर्सिटी का छात्र था और अपने तीन दोस्तों के साथ सेक्टर-94 पहुंचा था। हालांकि उसके दोस्त सुरक्षित लौट आए, लेकिन हर्षित का शव उसके घर पहुंचा, जिसने परिवार और आसपास के लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया।
क्या बोली हर्षित की मां ?
हर्षित की मां ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उनका बेटा एक बेहतर तैराक और ‘बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन’ का छात्र था। उन्होंने कहा, “जो बेटा पानी का राजा था, वह कैसे पानी में डूब सकता है?” उन्होंने यह भी शक जताया कि शायद उनके बेटे के दोस्तों से कुछ संबंधित हो सकता है। सोशल मीडिया पर हर्षित की तैराकी की फोटोज और वीडियोज मौजूद हैं, जो साबित करती हैं कि वह खेलों में भी अच्छा था और तैरना जानता था।
आखिर तैराक कैसे पानी में डूबा ?
अब सवाल उठता है कि आखिर एक तैराक कैसे पानी में डूब गया। क्या वहां पानी में कोई खतरनाक करंट था, या अचानक मांसपेशियों में अकड़न आई, या गहराई का अंदाजा गलत था? DGP के अनुसार, हर्षित अपने दो दोस्तों के साथ पिकनिक और नहाने गया था। जब वह डूब रहा था, उसके तीनों दोस्त मौके पर मौजूद थे। पुलिस ने सभी दोस्तों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।


