नौहझील क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह अफरा-तफरी मच गई, जब माइल स्टोन 65 के पास आगरा से नोएडा जा रही एक निजी बस अचानक आग पकड़ गई। बस में अचानक धुआं उठते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कुछ ही मिनटों में बस आग का गोला बन गई।
बस जलकर खाक
करीब सुबह सवा 11 बजे जब धुआं बढ़ने लगा, चालक ने तुरंत स्थिति भांपते हुए बस को सड़क किनारे रोक दिया। हालांकि, इसके बाद चालक मौके से फरार हो गया। गनीमत रही कि सभी यात्रियों को समय रहते बस से सुरक्षित उतार लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस और राहत टीमें मौके पर पहुंचीं
आग ने देखते ही देखते पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और बस जलकर खाक हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और राहत टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। पीछे से आ रही दो अन्य बसों के जरिए यात्रियों को उनके गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाया गया। नौहझील थाना प्रभारी सोनू कुमार ने बताया कि किसी को कोई चोट नहीं आई है। फिलहाल, चालक की तलाश जारी है।
READ MORE: ‘No Kings’ आंदोलन ने हिलाया अमेरिका, US से यूरोप तक डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ भारी विरोध, सड़कों पर उतरे 90 लाख लोग