Melania Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के परिवार को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। वीडियो में अमेरिका की फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप और उनके छोटे बेटे बेरन ट्रंप को सीधे निशाना बनाया गया है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो ईरान सरकार के समर्थकों से जुड़ा है और इसे अमेरिका विरोधी प्रचार के तौर पर देखा जा रहा है। वीडियो में यह दिखाने की कोशिश की गई है कि मेलानिया ट्रंप की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
‘How to Kill Melania Trump’ वाला वीडियो वायरल
वायरल वीडियो का कैप्शन ‘How to Kill Melania Trump’ बताया जा रहा है। इसमें मेलानिया ट्रंप को न्यूयॉर्क शहर में कार के काफिले के साथ यात्रा करते और लग्जरी शॉपिंग करते हुए दिखाया गया है। वीडियो में उन दुकानों का भी जिक्र किया गया है, जहां मेलानिया ट्रंप जाती हैं। साथ ही दावा किया गया है कि ये स्थान किसी संभावित हमले के लिए उपयुक्त हो सकते हैं।
Update Melania and Barron Trump targeted by Iran in disturbing video encouraging their assassination pic.twitter.com/MJuDglyYlh
— Simo Saadi (@Simo7809957085) July 28, 2026
मेलानिया को निशाना बनाने का प्लान
वीडियो में केवल मेलानिया ट्रंप की गतिविधियों का जिक्र ही नहीं किया गया, बल्कि उन्हें नुकसान पहुंचाने के तरीकों का भी जिक्र किया गया है। इसमें यह सुझाव दिया गया है कि उनके खरीदे गए कपड़ों में नर्व एजेंट यानी नसों को नुकसान पहुंचाने वाला केमिकल मिलाया जा सकता है। वीडियो के अंत में ट्रंप के सबसे छोटे बेटे बेरन ट्रंप को भी सीधे धमकी देते हुए कहा गया है, ‘यह सिर्फ शुरुआत है। बेरन ट्रंप, हमारा इंतजार करो।’
‘खून के बदले खून’ के नारों का भी जिक्र
ईरान के सुप्रीम लीडर रहे अयातुल्ला अली खामेनेई के जनाजे के दौरान लगे ‘खून के बदले खून’ के नारों का भी इस पूरी घटना से जोड़कर जिक्र किया जा रहा है। उस समय डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ भड़काऊ भाषण दिए गए थे और उनके ताबूतों के बड़े पोस्टर भी प्रदर्शित किए गए थे। अब वायरल वीडियो को भी उसी से जोड़ा जा रहा है।
बिलबोर्ड में भी ट्रंप परिवार को बनाया गया था निशाना
कुछ समय पहले तेहरान में बड़े-बड़े बिलबोर्ड लगाए गए थे, जिनमें डोनाल्ड ट्रंप, मेलानिया ट्रंप और उनके बच्चों को अमेरिकी झंडे में लिपटे ताबूतों के ऊपर दिखाया गया था। इन बिलबोर्ड पर भी ‘खून के बदले खून’ का नारा लिखा गया था। उस समय ये बिलबोर्ड खूब वायरल हुए थे।
ट्रंप पहले भी जता चुके हैं आशंका
इस महीने की शुरुआत में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि वह लंबे समय से ईरान की टार्गेट लिस्ट में हैं। उन्होंने यह भी चेतावनी दी थी कि यदि उन पर कोई हमला होता है तो अमेरिका उसका बेहद कड़ा और भारी जवाब देगा। फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर आधिकारिक स्तर पर क्या कार्रवाई होगी, यह देखना होगा।
Read More:
हमें क्या बेचना है, कोई दूसरा नहीं बताएगा, अचानक नेतन्याहू पर क्यों भड़के ट्रंप?

