Ranveer Singh Meet Mohan Bhagwat: बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह ने अपनी हालिया फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ की सफलता के बीच नागपुर में मोहन भागवत से मुलाकात की। यह मुलाकात राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मुख्यालय में हुई, जहां दोनों के बीच फिल्म और संगठन के कार्यों को लेकर विस्तृत बातचीत हुई। इस मुलाकात ने फिल्म और अभिनेता दोनों को लेकर नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
RSS मुख्यालय गए रणवीर सिंह
रणवीर सिंह शुक्रवार शाम करीब 4 बजे डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचे, जहां से वे सीधे महल स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मुख्यालय गए। वहां उन्होंने करीब डेढ़ घंटे बिताए। इस दौरान वे पारंपरिक सफेद कुर्ता-पायजामा में नजर आए, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस मुलाकात के दौरान ‘धुरंधर: द रिवेंज’ को लेकर चर्चा हुई और मोहन भागवत ने फिल्म की सराहना भी की। इसके साथ ही रणवीर सिंह को संघ के सेवा कार्यों, संगठन की कार्यप्रणाली और विचारधारा के बारे में भी जानकारी दी गई।
संघ के इतिहास से भी हुए परिचित
नागपुर दौरे के दौरान रणवीर सिंह डॉ. हेडगेवार स्मृति मंदिर भी पहुंचे, जहां उन्होंने संघ के संस्थापक केशव बलिराम हेडगेवार और पूर्व सरसंघचालक एम.एस. गोलवलकर को श्रद्धांजलि दी। उन्हें इन दोनों नेताओं के जीवन और संघ की स्थापना से जुड़ी अहम जानकारी भी दी गई। इस दौरान उन्होंने संघ के अन्य सदस्यों से भी बातचीत की।
बॉक्स ऑफिस पर छाई ‘धुरंधर: द रिवेंज’
रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’, जिसे आदित्य धर ने निर्देशित किया है, 19 मार्च को रिलीज हुई थी। फिल्म ने दुनियाभर में 1600 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन कर बड़ी सफलता हासिल की है। हालांकि, फिल्म को लेकर विवाद भी सामने आए हैं और कुछ लोगों ने इसे प्रोपेगेंडा करार दिया है।
संदीप रेड्डी वांगा ने किया समर्थन
फिल्म को लेकर हो रही आलोचना के बीच फिल्ममेकर संदीप रेड्डी वांगा ने खुलकर समर्थन किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करते हुए कहा कि फिल्म का मजाक उड़ाना सही नहीं है और उन्होंने निर्देशक आदित्य धर और रणवीर सिंह के काम की सराहना की। वांगा ने यह भी कहा कि आज के समय में सच को भी प्रोपेगेंडा कहा जाने लगा है।
सुर्खियों में बनी हुई है रणवीर की फिल्म
रणवीर सिंह की यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब उनकी फिल्म लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। एक तरफ फिल्म की सफलता की चर्चा है, तो दूसरी ओर इसके विषय और प्रस्तुति को लेकर बहस भी जारी है। ऐसे में नागपुर दौरा और RSS प्रमुख से मुलाकात ने इस पूरे घटनाक्रम को और ज्यादा चर्चा में ला दिया है।
Read More:

