HomeBreaking Newsफरीदाबाद में धनतेरस की रात खूनी खेल! सिंगापुर से शादी में शामिल...

फरीदाबाद में धनतेरस की रात खूनी खेल! सिंगापुर से शादी में शामिल होने लौटे परमजीत की 15 गोलियां मारकर हत्या

Faridabad Murder Case: हरियाणा के फरीदाबाद में धनतेरस की रात एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। सेक्टर-21C में गाड़ी की पार्किंग को लेकर हुए झगड़े में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी पड़ोसी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से ताबड़तोड़ 15 से 16 राउंड फायरिंग की। इस दौरान 8 से 9 गोलियां परमजीत धनकड़ के शरीर में लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी अपने पूरे परिवार के साथ फरार हो गया। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।

सिंगापुर से भांजे की शादी में शामिल होने आए थे परमजीत

मृतक की पहचान परमजीत धनकड़ के रूप में हुई है। वह मूल रूप से हिसार के रहने वाले थे और फरीदाबाद के सेक्टर-21C स्थित मकान नंबर 641 की पहली मंजिल पर अपने परिवार के साथ रहते थे। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। परमजीत एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में उच्च पद पर कार्यरत थे और काम के सिलसिले में सिंगापुर में रहते थे। वह दो दिन पहले ही अपने भांजे की शादी में शामिल होने के लिए फरीदाबाद लौटे थे। 24 नवंबर को उनके भांजे की शादी होनी थी।

जिम से लौटते समय पड़ोसी से हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 8 बजे परमजीत जिम में कसरत करने के बाद घर लौटे थे। इसी दौरान गाड़ी पार्क करने को लेकर उनकी तीसरी मंजिल पर रहने वाले पड़ोसी मोहन उर्फ मोनू शर्मा से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मोनू शर्मा ने अपना आपा खो दिया और लाइसेंसी पिस्टल निकालकर परमजीत पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। आरोपी ने करीब 15 से 16 राउंड फायरिंग की। इनमें से 8 से 9 गोलियां परमजीत को लगीं और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

पांच दिन पहले भी परमजीत के बेटे से की थी गाली-गलौज

पुलिस के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच पार्किंग समेत अन्य मामलों को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। वारदात से पांच दिन पहले भी आरोपी मोनू शर्मा ने परमजीत के बेटे के साथ सरेआम गाली-गलौज की थी। ऐसे में दोनों परिवारों के बीच पहले से ही तनाव बना हुआ था। परमजीत की हत्या करने के तुरंत बाद आरोपी मोनू शर्मा अपने पूरे परिवार के साथ मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

सूरजकुंड पुलिस और एफएसएल टीम ने जुटाए सबूत

घटना की सूचना मिलते ही सूरजकुंड थाना पुलिस, एफएसएल टीम और क्राइम ब्रांच की कई टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर खाली कारतूस बरामद किए और अन्य जरूरी साक्ष्य जुटाए। इलाके में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखा शव

पुलिस ने परमजीत के शव को कब्जे में लेकर ईएसआई मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। यहां उनका पोस्टमार्टम कराया जाएगा। थाना प्रभारी पहलाद कुमार के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। क्राइम ब्रांच की टीमें आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Read More:

उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति पप्पू गिरधारी गिरफ्तार, पत्नी ने लगाए थे गंभीर आरोप

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments