राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में स्थित प्रसिद्ध श्री सांवलियाजी मंदिर में एक श्रद्धालु की अनोखी भेंट इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। भगवान सांवलिया सेठ(Sanwalia Seth) के प्रति अपनी श्रद्धा और आभार जताने के लिए जालौर के एक भक्त ने 21 ग्राम शुद्ध सोने से बना दिल का मॉडल अर्पित किया है। इस भेंट के पीछे की वजह भी बेहद खास है। दरअसल, श्रद्धालु लंबे समय से दिल की गंभीर बीमारी से परेशान थे। उनका हार्ट का ऑपरेशन सफल होने के बाद उन्होंने अपनी मन्नत पूरी करने के लिए यह भेंट भगवान के चरणों में समर्पित की।
जानकारी के मुताबिक, जालौर जिले के रहने वाले इस भक्त को हृदय से जुड़ी गंभीर समस्या थी। बीमारी और इलाज के दौरान उन्होंने भगवान सांवलिया सेठ से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की थी। साथ ही, ऑपरेशन सफल होने पर विशेष भेंट चढ़ाने का संकल्प लिया था। जब उनका ऑपरेशन सफल रहा और स्वास्थ्य में सुधार हुआ, तो उन्होंने अपनी मन्नत पूरी करने का फैसला किया। इसके बाद वह चित्तौड़गढ़ के मंडफिया स्थित सांवलियाजी मंदिर पहुंचे और भगवान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सोने का दिल अर्पित किया।
कितनी है 21 ग्राम सोने के दिल की कीमत?
श्रद्धालु ने मंदिर मंडल के आधिकारिक भेंट कक्ष में 21 ग्राम शुद्ध सोने से तैयार दिल का मॉडल जमा कराया। इसके बदले मंदिर प्रशासन से बाकायदा रसीद भी प्राप्त की। मंदिर प्रशासन के मुताबिक, इस सोने के मॉडल की अनुमानित कीमत 3 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
मंदिर में चर्चा का विषय बनी अनोखी भेंट
आमतौर पर मंदिरों में भक्त सोने-चांदी के मुकुट, छत्र, हार और अन्य आभूषण चढ़ाते हैं। लेकिन अपने हृदय के सफल इलाज की खुशी में सोने से बना दिल भेंट करना अपने आप में अलग है।
इस अनोखी भेंट ने मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया है। भक्त की यह भेंट भगवान के प्रति उसकी कृतज्ञता और अटूट आस्था को दर्शाती है।