बिहार के मुंगेर से दिल्ली तक नकली सिगरेट की तस्करी करने की कोशिश को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने नाकाम कर दिया है। जमालपुर रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए RPF की क्राइम इंटेलिजेंस ब्रांच (CIB) की टीम ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी गरीब रथ एक्सप्रेस के जरिए नकली सिगरेट की बड़ी खेप दिल्ली ले जाने की तैयारी में थे। उनके पास से कुल 2400 पैकेट नकली सिगरेट बरामद किए गए हैं, जिनकी कीमत करीब 2 लाख 16 हजार रुपये बताई जा रही है।
प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर पकड़े गए दोनों आरोपी
जानकारी के मुताबिक, जमालपुर में रेलवे सुरक्षा बल की CIB टीम को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति गरीब रथ एक्सप्रेस से नकली सिगरेट की खेप लेकर दिल्ली जाने वाले हैं। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर एसके सुधा के नेतृत्व में टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर निगरानी शुरू कर दी।
इसी दौरान दो संदिग्ध व्यक्ति बड़े जूट के बोरे और भूरे रंग के गत्ते के डिब्बे लेकर ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करते दिखाई दिए। टीम ने शक के आधार पर दोनों को रोक लिया और उनके सामान की तलाशी ली। शुरुआत में आरोपियों ने बोरों में घरेलू सामान होने की बात कही, लेकिन जब सामान खोला गया तो उसमें बड़ी मात्रा में सिगरेट के पैकेट मिले।
एक बोरे और दूसरे के डिब्बों से मिले 1200-1200 पैकेट
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 52 वर्षीय मोहम्मद परवेज खान और 28 वर्षीय मोहम्मद अली के रूप में हुई है। दोनों मुंगेर के रहने वाले हैं। तलाशी के दौरान मोहम्मद परवेज खान के बोरे से 1200 पैकेट, जबकि मोहम्मद अली के गत्ते के डिब्बों से 1200 पैकेट नकली सिगरेट बरामद हुए। इस तरह कुल 2400 पैकेट जब्त किए गए।
मुंगेर में कहां तैयार हो रही थी नकली सिगरेट?
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने बताया कि उन्होंने यह खेप मुंगेर के मुर्गियाचक के पास रहने वाले एक व्यक्ति से खरीदी थी। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि नकली सिगरेट बनाने और उनकी पैकिंग करने का काम कहां किया जा रहा था। साथ ही इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। जांच टीम यह भी पता लगा रही है कि दिल्ली में यह खेप किस व्यक्ति तक पहुंचाई जानी थी और वहां इसकी बिक्री कहां होनी थी। आशंका है कि इस कारोबार के पीछे एक बड़ा नेटवर्क सक्रिय हो सकता है, जो नकली ब्रांड की सिगरेट तैयार कर दूसरे शहरों में सप्लाई करता है। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है।
Read More
उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति पप्पू गिरधारी गिरफ्तार, पत्नी ने लगाए थे गंभीर आरोप

