HomeBreaking Newsत्योहारों में स्पेशल ट्रेनें क्यों हो रहीं लेट? रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव...

त्योहारों में स्पेशल ट्रेनें क्यों हो रहीं लेट? रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताई असली वजह!

दिवाली और छठ पूजा के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने घरों का रुख करते हैं। ऐसे में रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ काफी बढ़ जाती है। इस स्थिति से निपटने के लिए भारतीय रेलवे ने विशेष तैयारियां की हैं। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव(Ashwini Vaishnaw) के मुताबिक, त्योहारों के इस व्यस्त सीजन में यात्रियों की सुविधा के लिए 18 हजार स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इसके साथ ही देश के 20 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विशेष होल्डिंग एरिया भी तैयार किए गए हैं।

रेल मंत्री ने बताया कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे बड़े स्तर पर अतिरिक्त ट्रेनों का इंतजाम कर रहा है। पिछले वित्त वर्ष में 75 हजार स्पेशल ट्रेनें चलाई गई थीं, जबकि इस साल 80 हजार से अधिक स्पेशल ट्रेनें चलाने की दिशा में काम किया जा रहा है। मौजूदा पीक सीजन में 18 हजार स्पेशल ट्रेनें यात्रियों की सेवा में लगाई गई हैं। उनके मुताबिक, धनतेरस के दिन सबसे ज्यादा भीड़ देखने को मिली थी। छठ पूजा से तीन दिन पहले भी यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना है।

20 स्टेशनों पर बनाए गए होल्डिंग एरिया

स्टेशनों पर भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए रेलवे ने 20 जगहों पर होल्डिंग एरिया बनाए हैं। यहां यात्रियों के बैठने और ट्रेन का इंतजार करने की व्यवस्था की गई है। इन स्थानों पर टिकट काउंटर भी शुरू किए गए हैं ताकि यात्रियों को टिकट लेने के लिए अलग से परेशान न होना पड़े।

28 स्टेशनों पर 24 घंटे नजर

रेलवे ने भीड़ की निगरानी के लिए विशेष वॉर रूम बनाया है। यहां हीट मैप की मदद से 28 स्टेशनों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। इनमें से 16 स्टेशनों पर सबसे ज्यादा भीड़ दर्ज की गई है।

पुराने वीडियो पर विपक्ष को घेरा

अश्विनी वैष्णव ने विपक्ष पर पुराने वीडियो को मौजूदा बताकर रेलवे के खिलाफ गलत जानकारी फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि रेलवे ने ऐसे 78 वीडियो की पहचान की है और इन्हें फैलाने वालों के खिलाफ FIR दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।

ट्रेनों की देरी पर रेल मंत्री ने कहा कि त्योहारों के दौरान यात्री ट्रेनों के साथ मालगाड़ियों का संचालन भी काफी बढ़ जाता है। अधिक ट्रैफिक होने की वजह से स्पेशल ट्रेनों के परिचालन पर भी असर पड़ सकता है। रेलवे लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा है ताकि यात्रियों को कम से कम परेशानी हो।

यह भी पढ़ें : सांवलिया सेठ को भक्त ने चढ़ाया 21 ग्राम सोने का दिल, अनोखी भेंट के पीछे की वजह जानकर…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments