कुरुक्षेत्र के पिहोवा में कॉलेज की पुरानी रंजिश के बाद गुरप्रीत(Gurpreet murder case) की हत्या के मामले में फरार चल रहे दो मुख्य आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, कर्ण और जशनदीप अपने साथी आशीष के साथ दिल्ली से नेपाल पहुंचे थे। दोनों कथित तौर पर नेपाल में प्रवेश से जुड़े दस्तावेज तैयार कराने गए थे जबकि आशीष बॉर्डर के पास उनका इंतजार कर रहा था।
पुलिस टीम ने सबसे पहले आशीष को पकड़ा। पूछताछ में उससे दोनों आरोपियों के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद टीम ने मौके पर निगरानी बढ़ा दी। कुछ समय बाद कर्ण और जशनदीप जब वापस लौटे तो पुलिस ने उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया।
चार दिन की पुलिस रिमांड
गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया। अब पुलिस हत्या में इस्तेमाल हथियार, आरोपियों को फरार होने में मदद करने वाले लोगों और दिल्ली से नेपाल तक उनके पहुंचने की पूरी कड़ी की जांच कर रही है।
हत्या के बाद दिल्ली से पहुंचे थे नेपाल
पुलिस जांच के मुताबिक, 14 सितंबर की रात गुरप्रीत पर हमला होने के बाद कर्ण और जशनदीप फरार हो गए थे। दोनों पहले दिल्ली पहुंचे और फिर आशीष के साथ नेपाल चले गए। पुलिस को आशंका थी कि वे नेपाल से किसी दूसरे देश में जाने की कोशिश कर रहे हैं।
आरोपियों की तलाश में कुरुक्षेत्र पुलिस ने पश्चिम बंगाल पुलिस के साथ समन्वय किया। इसके बाद नेपाल और भूटान पुलिस से भी संपर्क किया गया। इसी दौरान उनकी लोकेशन नेपाल बॉर्डर के पास मिली।
कॉलेज की रंजिश बनी विवाद की वजह
पुलिस के अनुसार, गुरप्रीत का भाई गगनदीप और आरोपी एक ही कॉलेज में पढ़ते हैं और अलग-अलग छात्र समूहों से जुड़े हैं। इसी कारण दोनों पक्षों में पहले से विवाद था। 14 सितंबर की रात पिहोवा चौक के पास रास्ता देने को लेकर कहासुनी हुई, जो बाद में बढ़ गई।
पुलिस के मुताबिक, मेन बाजार में आरोपियों ने तलवार से हमला किया, जिसमें गुरप्रीत और गगनदीप घायल हुए। इलाज के दौरान 19 सितंबर को गुरप्रीत की मौत हो गई। अब पुलिस फरारी की पूरी कड़ी और हत्या में इस्तेमाल हथियारों की बरामदगी पर जांच आगे बढ़ा रही है।