Maharashtra FDA Action Over Vimal Ad: महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को ‘विमल इलायची’ के विवादित विज्ञापन मामले में कारण बताओ नोटिस जारी किया है। यह कार्रवाई FDA कमिश्नर तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में की गई है। आरोप है कि विज्ञापन सिर्फ इलायची के प्रचार तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए ‘विमल पान मसाला’ की ब्रांडिंग को अप्रत्यक्ष रूप से बढ़ावा दिया जा रहा है।
इलायची के नाम पर सरोगेट विज्ञापन का आरोप
टीवी और दूसरे माध्यमों में कई बार ऐसे विज्ञापन देखने को मिलते हैं, जिनमें सितारे इलायची जैसे उत्पादों का प्रचार करते हैं, जबकि उसी ब्रांड नाम से बाजार में गुटखा या पान मसाला भी मौजूद होता है। इसे सरोगेट यानी छद्म विज्ञापन कहा जाता है। मीडिया रिपोर्ट्स से मिली जानकारी के मुताबिक, नौ पन्नों के नोटिस में तुकाराम मुंढे ने कहा है कि ‘विमल इलायची’ का विज्ञापन सीधे तौर पर ‘विमल पान मसाला’ की ब्रांडिंग को बढ़ावा देता है।
महाराष्ट्र में पान मसाला और गुटखा प्रतिबंधित
FDA का कहना है कि खाद्य सुरक्षा और मानक (FSS) अधिनियम 2006 के तहत इस तरह के भ्रामक विज्ञापन गैरकानूनी हैं। विभाग के मुताबिक विज्ञापन का रंग-रूप, नाम और बाजार में पेश करने का तरीका इस तरह तैयार किया जाता है कि उपभोक्ताओं के दिमाग में प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद की छवि बन सके। महाराष्ट्र में पान मसाला और गुटखा पूरी तरह प्रतिबंधित हैं।
‘मन्नत’ से लेकर जूहू तक पहुंचा नोटिस
FDA के नोटिस शाहरुख खान के बांद्रा स्थित आवास ‘मन्नत’, अजय देवगन के जूहू स्थित घर और टाइगर श्रॉफ के प्रोडक्शन हाउस तक पहुंचाए गए हैं। विभाग ने केवल स्पष्टीकरण नहीं मांगा है, बल्कि तीनों से विज्ञापन करार की पूरी कॉपी, कैंपेन ब्रीफ और पैसों के लेनदेन से जुड़ी पूरी जानकारी भी मांगी है।
जवाब नहीं दे पाए तो लाखों का जुर्माना
अभिनेताओं को यह स्पष्ट करना होगा कि उनका विज्ञापन प्रतिबंधित उत्पाद को अप्रत्यक्ष रूप से बढ़ावा नहीं देता। अगर वे ऐसा साबित करने में नाकाम रहते हैं, तो उपभोक्ता संरक्षण कानूनों के तहत उन पर 10 से 50 लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। इसके अलावा अगले तीन साल तक किसी भी ब्रांड का विज्ञापन करने पर रोक भी लग सकती है।
अक्षय कुमार भी रह चुके हैं विवाद में
‘विमल’ का विज्ञापन पहले भी विवादों में रहा है। हाल ही में ब्रांड ने अक्षय कुमार की जगह टाइगर श्रॉफ को अपना नया चेहरा बनाया है। साल 2022 में शाहरुख खान और अजय देवगन के साथ अक्षय कुमार भी इस विज्ञापन में नजर आए थे। फिटनेस आइकन और तंबाकू विरोधी अभियानों से जुड़े होने के बावजूद पान मसाला ब्रांड के प्रचार को लेकर अक्षय की जमकर आलोचना हुई थी।
विज्ञापन से हटे और फीस दान करने का किया वादा
जनता के विरोध के बाद अक्षय कुमार ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी और ब्रांड से अपना संबंध खत्म कर लिया था। उन्होंने विज्ञापन से मिली फीस दान करने का भी वादा किया था। अक्षय के हटने के बाद टाइगर श्रॉफ इस कैंपेन का हिस्सा बने थे।
Read More:
हिजबुल्लाह के साथ बढ़ा इजरायल का तनाव, दक्षिणी लेबनान में हमलों से 11 लोगों की मौत, 19 घायल

