दक्षिणी लेबनान में इजराइली हमलों के बाद तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। शनिवार को हुए हवाई हमलों में कम से कम 11 लोगों की मौत और 19 अन्य के घायल होने की जानकारी सामने आई है। यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई, जब इजराइली रक्षा बल (IDF) ने बताया था कि हिजबुल्लाह के हमलों में उसके तीन सैनिक घायल हुए हैं।
अंसार और देर एज-जहरानी में हुआ हमला
रिपोर्ट के मुताबिक, इजराइली लड़ाकू विमानों ने नबातिह जिले के अंसार और देर एज-जहरानी इलाकों को निशाना बनाया। अंसार में एक घर पर हुए हमले में सात लोगों की मौत हुई, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल हैं। दो अन्य लोग घायल बताए गए हैं। वहीं देर एज-जहरानी में हुए दूसरे हमले में चार लोगों की मौत हुई और 17 लोग घायल हुए। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय और सरकारी मीडिया ने भी अंसार में सात और देर एज-जहरानी में चार लोगों की मौत की जानकारी दी है।
लेबनान के राष्ट्रपति ने की कड़ी निंदा
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हिजबुल्लाह पर युद्धविराम का उल्लंघन करने का आरोप लगाया। इजराइल में अमेरिकी राजदूत माइक हकाबी ने भी हिजबुल्लाह के हमलों की आलोचना की और कहा कि संगठन के हमलों में इजराइली सैनिक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वहीं लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन ने इजराइली हमलों की कड़ी निंदा की। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका की मध्यस्थता में इजराइल और लेबनान के बीच होने वाली बातचीत के अगले दौर से पहले इजराइल ने इन हमलों के जरिए एक स्पष्ट संदेश देने की कोशिश की है।
गाजा में हमास कमांडर को मारने का भी दावा
इस बीच IDF ने दक्षिणी गाजा में हमास के एक कंपनी कमांडर को मार गिराने का भी दावा किया है। इजराइली सेना के मुताबिक, खान यूनिस ब्रिगेड के कंपनी कमांडर हुजैफा खालिद सुलेमान कवारी को गुरुवार को दक्षिणी गाजा में एक हमले में निशाना बनाया गया। IDF ने आरोप लगाया कि कवारी हमास लड़ाकों को प्रशिक्षण देने, दक्षिणी गाजा में हथियार पहुंचाने और संगठन की सैन्य क्षमताओं को दोबारा मजबूत करने की कोशिशों में शामिल था। सेना ने यह भी दावा किया कि वह हाल में इजराइली सैनिकों और नागरिकों पर हमलों की साजिश में शामिल था।
Read More
दिल्ली के कल्याणपुरी में दिनदहाड़े खूनी वारदात, युवक की चाकू से हत्या…

