उत्तर प्रदेश के सहारनपुर(Saharanpur) जिले में शुक्रवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। गंगोह थाना क्षेत्र के कुंडा बसी गांव में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में अचानक जोरदार विस्फोट हुआ। धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज आसपास के कई किलोमीटर क्षेत्र तक सुनाई दी। हादसे में अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है जबकि कई अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय फैक्ट्री में कई मजदूर काम कर रहे थे। अचानक हुए धमाके के बाद फैक्ट्री के एक हिस्से में आग लग गई और इमारत का बड़ा भाग क्षतिग्रस्त होकर गिर गया। विस्फोट की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि कुछ शव मलबे से काफी दूर तक जा गिरे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, एक शव करीब 400 मीटर दूरी पर मिला। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ग्रामीणों ने शुरू की मदद
धमाके के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालने की कोशिश की। सूचना मिलने के बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और बड़े स्तर पर बचाव अभियान शुरू किया गया।
मलबे में फंसे लोगों की तलाश जारी
प्रशासन के मुताबिक, राहत और बचाव कार्य अभी जारी है। आशंका है कि फैक्ट्री के मलबे में कुछ और लोग फंसे हो सकते हैं। इसी को देखते हुए पुलिस और बचाव दल लगातार मलबा हटाकर लोगों की तलाश कर रहे हैं। घटनास्थल को सुरक्षा के लिहाज से घेर लिया गया है।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही सहारनपुर के एसएसपी अभिनंदन और डीएम अरविंद चौहान भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया। पुलिस ने विस्फोट के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि फैक्ट्री के पास जरूरी लाइसेंस मौजूद थे या नहीं और वहां सुरक्षा नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।