पूर्वी दिल्ली में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे (NH-709B) पार करने वाले पैदल यात्रियों के लिए जल्द सुरक्षित रास्ता उपलब्ध होगा। गीता कॉलोनी/गांधी नगर और रमेश पार्क, लक्ष्मी नगर में दो फुट ओवरब्रिज (FOB) बनाए जाएंगे। दोनों पुलों पर यात्रियों की सुविधा के लिए लिफ्ट भी लगाई जाएगी।
दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष और केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने बुधवार को दोनों परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इन फुट ओवरब्रिज से एक्सप्रेसवे के दोनों ओर आने-जाने वाले लोगों को सड़क पार करने में सहूलियत मिलने की उम्मीद है।
तीन जगहों पर बनेंगे फुट ओवरब्रिज
दो FOB के अलावा भजनपुरा-गढ़ी मेंडू के पास भी एक फुट ओवरब्रिज को मंजूरी दी गई है। यह पुल NH-709B के करीब 10+800 किलोमीटर पर प्रस्तावित है। तीनों फुट ओवरब्रिज के निर्माण पर कुल करीब 12.8 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। परियोजनाओं का उद्देश्य एक्सप्रेसवे के अलग-अलग हिस्सों में पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित क्रॉसिंग उपलब्ध कराना है।
एलिवेटेड रोड के नीचे पार्किंग की सुविधा
हर्ष मल्होत्रा ने मीडिया रिपोर्ट्स में बताया कि एक्सप्रेसवे के एलिवेटेड हिस्से के नीचे पार्किंग की सुविधा शुरू की गई है। इसके साथ ही दिल्ली वाले हिस्से के सौंदर्यीकरण की योजना पर भी काम चल रहा है। योजना के तहत एलिवेटेड कॉरिडोर के नीचे खाली जगह का उपयोग पार्किंग और अन्य जनसुविधाओं के लिए किया जाएगा। यहां ईवी चार्जिंग स्टेशन और शौचालय जैसी सुविधाएं विकसित करने की भी योजना है।
NH-709B के दिल्ली वाले एलिवेटेड कॉरिडोर पर सोलर पैनल लगाने का काम भी जारी है। इनसे पैदा होने वाली बिजली का इस्तेमाल हाईवे से जुड़ी जरूरतों के लिए किए जाने की योजना है। परियोजना के जरिए पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता घटाने और नवीकरणीय ऊर्जा के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
पैदल यात्रियों को मिलेगी सुरक्षित क्रॉसिंग
तीनों एफओबी बनने के बाद एक्सप्रेसवे के व्यस्त हिस्सों में पैदल यात्रियों को सड़क के बीच से गुजरने की जरूरत कम होगी। लिफ्ट की सुविधा से बुजुर्गों, बच्चों और अन्य जरूरतमंद यात्रियों के लिए भी इन पुलों का इस्तेमाल आसान बनाने की योजना है।
Read More
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर चलती बस में लगी भीषण आग, सभी 14 यात्री सुरक्षित

