दिल्ली की चिलचिलाती गर्मी में सड़क पर खड़े होकर ट्रैफिक संभालना किसी कठिन परीक्षा से कम नहीं है। तेज धूप, गर्म हवाएं और सड़क से उठती तपिश के बीच ट्रैफिक पुलिसकर्मियों(Traffic Police) को घंटों ड्यूटी करनी पड़ती है। ऐसे माहौल में राजधानी के ट्रैफिक पुलिस विभाग ने अपने जवानों को कुछ राहत देने के लिए एयर-कंडीशंड हेलमेट और पोर्टेबल कूलिंग उपकरणों का ट्रायल शुरू किया है। सेंट्रल दिल्ली के भीड़भाड़ वाले तुगलक रोड गोल चक्कर पर हेड कांस्टेबल रमेश कुमार को ड्यूटी से पहले नया कूलिंग हेलमेट दिया गया।
उनकी तैनाती ऐसे समय में की गई है जब सड़कें गर्मी से तप रही हैं और ट्रैफिक का दबाव भी काफी अधिक है। रमेश कुमार बताते हैं कि कुछ ही मिनटों में सड़क की गर्मी शरीर को थका देती है और वर्दी पसीने से भीग जाती है। लेकिन पिछले कुछ दिनों से चल रहे ट्रायल के दौरान उन्हें जो कूलिंग हेलमेट मिला है उससे काम करने में थोड़ी राहत महसूस हो रही है। इसके साथ ही कई अन्य ट्रैफिक कर्मियों को भी पोर्टेबल पंखे और बैटरी से चलने वाले छोटे कूलिंग डिवाइस दिए गए हैं ताकि लंबे समय तक ड्यूटी के दौरान गर्मी का असर कम किया जा सके।


