HomeBreaking NewsSSC GD परीक्षा में भारी गड़बड़ी! प्रयागराज में छात्रों का फूटा गुस्सा,...

SSC GD परीक्षा में भारी गड़बड़ी! प्रयागराज में छात्रों का फूटा गुस्सा, तोड़फोड़-जाम के बाद 5 जिलों का एग्जाम रद्द

SSC GD Constable Exam: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की कांस्टेबल जीडी परीक्षा के दौरान सोमवार को बड़ा बवाल हो गया। अंदावा स्थित आई-टेक जोन परीक्षा केंद्र पर क्षमता से कहीं अधिक अभ्यर्थियों को बुलाए जाने के कारण परीक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। परीक्षा में शामिल नहीं हो पाने से नाराज छात्रों ने परीक्षा केंद्र में तोड़फोड़ कर दी और बाद में सड़क पर उतरकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। हालात बिगड़ने के बाद पुलिस और प्रशासन को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी। तकनीकी कारणों का हवाला देते हुए प्रयागराज समेत पांच जिलों में दूसरी और तीसरी पाली की परीक्षा रद्द कर दी गई।

आई-टेक जोन सेंटर पर अव्यवस्था 

जानकारी के मुताबिक प्रयागराज के सीता सिंह महिला महाविद्यालय परिसर में बनाए गए आई-टेक जोन सेंटर पर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे थे। अभ्यर्थियों का आरोप था कि केंद्र पर सीमित संख्या में कंप्यूटर और सीटें उपलब्ध होने के बावजूद जरूरत से ज्यादा छात्रों को परीक्षा केंद्र आवंटित कर दिया गया। भीषण गर्मी और लंबी दूरी तय कर पहुंचे छात्रों को जब परीक्षा में बैठने की व्यवस्था नहीं मिली तो गुस्सा बढ़ता चला गया।

650 सिस्टम पर 1000 से ज्यादा अभ्यर्थियों को बुलाया

केंद्र पर कुल 650 कंप्यूटर सिस्टम उपलब्ध थे, लेकिन दूसरी और तीसरी पाली में क्षमता से लगभग दोगुने अभ्यर्थियों को बुला लिया गया। बताया गया कि दूसरी पाली में जहां करीब 505 छात्रों का सेंटर होना चाहिए था, वहां 1035 अभ्यर्थियों को आवंटित कर दिया गया। इसी तरह तीसरी पाली में 495 की जगह 1034 परीक्षार्थियों को बुलाया गया। केंद्र प्रबंधन का कहना है कि अतिरिक्त अभ्यर्थियों के आवंटन की जानकारी उन्हें परीक्षा वाले दिन ईमेल के जरिए मिली थी, जिसके कारण समय रहते अतिरिक्त व्यवस्था नहीं की जा सकी।

छात्रों ने की तोड़फोड़

जब बड़ी संख्या में छात्रों को कंप्यूटर सिस्टम नहीं मिले तो केंद्र पर हंगामा शुरू हो गया। नाराज अभ्यर्थियों ने परीक्षा कक्षों में रखे कंप्यूटर, लैपटॉप, मॉनिटर, सीपीयू, कुर्सियां और अन्य फर्नीचर को नुकसान पहुंचाया। हंगामे के दौरान कई कमरों में लगे एसी, कूलर, सीसीटीवी कैमरे, जेनरेटर और वाटर कूलर भी क्षतिग्रस्त हो गए। कुछ समय के लिए परीक्षा केंद्र परिसर में भगदड़ जैसे हालात बन गए और अफरा-तफरी फैल गई।

जीटी रोड पर चक्का जाम

परीक्षा केंद्र में हंगामे के बाद बड़ी संख्या में छात्र सड़क पर उतर आए। नाराज अभ्यर्थियों ने जीटी रोड पर चक्का जाम कर दिया, जिससे इलाके में लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। करीब एक घंटे तक सड़क पर प्रदर्शन चलता रहा और आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। छात्रों का कहना था कि प्रशासनिक लापरवाही की सजा उन्हें दी जा रही है।

पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा

स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। ट्रेनी आईपीएस ईश्वर लाल गुर्जर, एसीपी थरवई अरुण पाराशर, एसीपी फूलपुर विवेक यादव और सराय इनायत थाना अध्यक्ष संजय गुप्ता समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और छात्रों को शांत कराने की कोशिश की। पुलिस ने समझाइश के बाद किसी तरह जाम खुलवाया और यातायात बहाल कराया।

हिरासत में एक छात्र

हंगामे के दौरान पुलिस ने एक छात्र को हिरासत में भी लिया। आरोप है कि वह परीक्षा केंद्र से लैपटॉप लेकर भाग रहा था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं परीक्षा रद्द होने से हजारों अभ्यर्थियों में नाराजगी बनी हुई है और वे दोबारा परीक्षा की तारीख घोषित करने की मांग कर रहे हैं।

Read More:

दिल्ली की तपती सड़कों पर अब Cool रहेंगे ट्रैफिक जवान, जानें क्या होते है AC हैलमेट के फायदे…

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments