शिमला जिले(Shimla Court Threat) के रोहड़ू क्षेत्र में उस समय दहशत फैल गई जब कोर्ट और SDM कार्यालय को उड़ाने की धमकी से जुड़ा एक पोस्टर सामने आया। यह पोस्टर शिमला के एवर सनी इलाके की एक दीवार पर चिपका मिला जिसमें चेतावनी दी गई थी कि अदालत परिसर और SDM ऑफिस में होने वाले धमाकों की आवाज दिल्ली तक सुनाई देगी।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। शिमला के सदर थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है। डॉग स्क्वायड की मदद से रोहड़ू कोर्ट परिसर और एसडीएम ऑफिस में सघन तलाशी अभियान चलाया गया हालांकि जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
कोर्ट परिसर कराया गया खाली
एहतियात के तौर पर सुबह के समय अदालत परिसर और एसडीएम कार्यालय को खाली करा लिया गया था। फिलहाल पुलिस हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
पोस्टर में उर्दू और हिंदी मिश्रित भाषा में धमकी भरे शब्द लिखे गए थे, जिनमें “जश्न” और “धमाकों” का जिक्र करते हुए बुधवार को घटना को अंजाम देने की बात कही गई थी।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब इस पोस्टर को लगाने वालों की पहचान में जुटी है। आस-पास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि संदिग्धों तक पहुंचा जा सके। पोस्टर को हटा दिया गया है।
एएसपी मेहर पंवर ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें। फिलहाल हालात सामान्य बताए जा रहे हैं लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह सख्त कर दिया गया है।