मध्यप्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने इंदौर मेट्रो(Indore Metro) को ज्यादा आकर्षक बनाने और आमदनी बढ़ाने के लिए एक नया और दिलचस्प प्रयोग शुरू किया है। अब लोग चलती मेट्रो ट्रेन के भीतर जन्मदिन समारोह छोटे पारिवारिक कार्यक्रम या अन्य सामाजिक आयोजन कर सकेंगे। इसके लिए कॉरपोरेशन ने अलग-अलग शुल्क तय किए हैं।
मेट्रो के प्रबंध निदेशक एस. कृष्ण चैतन्य के अनुसार इंदौर और भोपाल जैसे शहरों में बदलती जीवनशैली को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है। इसका उद्देश्य लोगों को मेट्रो से जोड़ना और सफर को एक अलग अनुभव में बदलना है।
कार्यक्रम में कितने लोग हो सकते हैं शामिल ?
नई योजना के तहत एक कार्यक्रम में अधिकतम 50 लोग शामिल हो सकते हैं। अगर कोई व्यक्ति चलती मेट्रो में एक घंटे के लिए आयोजन करना चाहता है, तो उसे 7,000 रुपये देने होंगे। वहीं, अगर ट्रेन खड़ी है और सिर्फ केक कटिंग या छोटा कार्यक्रम करना है तो इसके लिए 5,000 रुपये का शुल्क रखा गया है।
इस सुविधा का लाभ लेने के लिए कुछ शर्तें भी लागू की गई हैं। इच्छुक लोगों को कम से कम 15 दिन पहले बुकिंग करानी होगी और यह ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर होगी। इसके साथ ही 20,000 रुपये की रिफंडेबल सिक्योरिटी जमा करनी होगी जो कार्यक्रम खत्म होने के बाद लौटा दी जाएगी।
सुरक्षा के लिए प्रशासन ने उठाए कदम
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मेट्रो प्रशासन ने कुछ प्रतिबंध भी लगाए हैं। सभी प्रतिभागियों को सुरक्षा जांच से गुजरना अनिवार्य होगा। आयोजन के दौरान शराब, बीड़ी, सिगरेट और पटाखों का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
दरअसल, मेट्रो शुरू होने के बाद से यात्रियों की संख्या उम्मीद के मुताबिक नहीं बढ़ पाई है जबकि रोजाना संचालन पर लगभग 8 लाख रुपये खर्च हो रहे हैं। ऐसे में यह नई पहल लोगों को आकर्षित करने और मेट्रो को शहर की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाने की दिशा में एक कोशिश है। प्रशासन को उम्मीद है कि यह प्रयोग खासकर युवाओं और परिवारों को पसंद आएगा और इससे यात्रियों की संख्या में भी बढ़ोतरी होगी।