Bisleri Water Sample Failure: देश में पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर और अन्य खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड समेत पांच खाद्य कंपनियों के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है। इन कंपनियों के उत्पादों की जांच में असुरक्षित और घटिया गुणवत्ता से जुड़ी खामियां सामने आई हैं। वहीं, खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के गंभीर नियमों का उल्लंघन करने पर दो अन्य खाद्य कारोबारियों के लाइसेंस भी निलंबित कर दिए गए हैं।
बिसलेरी के पानी में तय सीमा से ज्यादा मिला ब्रोमेट
FSSAI की कार्रवाई में सबसे प्रमुख नाम बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड का है। कंपनी के पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर के एक सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित मानकों से अधिक पाई गई। खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम 2006 के तहत इस पानी को असुरक्षित घोषित किया गया है।
मामले की जांच के दौरान रेफरल फूड लेबोरेटरी ने भी पानी के नमूने में ‘पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन’ की मौजूदगी की पुष्टि करते हुए इसे असुरक्षित बताया। इस रिपोर्ट के सामने आने तक बिसलेरी इंटरनेशनल से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कंपनी की तरफ से कोई आधिकारिक जवाब नहीं मिला।
इन 4 कंपनियों के खिलाफ भी होगी कानूनी कार्रवाई
बिसलेरी के अलावा चार अन्य खाद्य कंपनियों के उत्पादों में भी गंभीर खामियां मिलने के बाद FSSAI ने मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है। इनमें शामिल हैं।
वसंत मसाला प्राइवेट लिमिटेड
कंपनी के मिर्च पाउडर में डिफेनोकोनाजोल नामक कीटनाशक की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पाई गई। इसके चलते कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
टिट-बिट फूड्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड
कंपनी के मिर्च पाउडर में कीटनाशक के अवशेष मिले, जबकि हल्दी पाउडर में टिन की मात्रा तय मानकों से ज्यादा पाई गई। इन खामियों के आधार पर कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाया जा रहा है।
मीमांसा इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड
कंपनी की ओर से बेची जा रही अखरोट की गिरी की गुणवत्ता जांच में घटिया और असुरक्षित पाई गई। इसके बाद कंपनी पर कार्रवाई की गई।
आशा कन्फेक्शनरी
कंपनी की चॉकलेट-भरी कुकीज़ जांच में ‘मिसब्रांडेड’, घटिया और असुरक्षित पाई गईं। उत्पाद के पैकेट पर चीनी की जितनी मात्रा बताई गई थी, वास्तविक मात्रा उससे अलग मिली। इसी आधार पर कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी गई है।
दो कंपनियों के लाइसेंस भी किए गए निलंबित
FSSAI ने खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़े नियमों की अनदेखी करने वालों पर भी कार्रवाई की है। इसके तहत दो अन्य खाद्य कारोबारियों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।
इनमें ‘उर्मी लाइफसाइंसेज LLP’ और ‘गौर आयुर्वेदिक स्टोर’ शामिल हैं। दोनों के खिलाफ खराब स्वच्छता व्यवस्था और रीपैकिंग यानी खाद्य उत्पादों को दोबारा पैक करने से जुड़ी अनियमितताओं के कारण कार्रवाई की गई है।
एनर्जी ड्रिंक के लेबल को लेकर भी विवाद
खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता के अलावा FSSAI और कई बड़ी कंपनियों के बीच एनर्जी ड्रिंक के लेबल को लेकर भी विवाद चल रहा है। न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, जून में FSSAI ने कुछ पेय पदार्थों पर एनर्जी ड्रिंक का लेबल इस्तेमाल करने को लेकर आपत्ति जताई थी।
नियामक का कहना है कि कुछ पेय पदार्थों में काफी अधिक मात्रा में चीनी मिलाई जाती है। ऐसे उत्पादों को एनर्जी ड्रिंक की श्रेणी में रखने से उपभोक्ता भ्रमित हो सकते हैं और उनके जरूरत से ज्यादा सेवन की आशंका बढ़ सकती है।
इस फैसले को रेड बुल, पेप्सिको, मॉन्स्टर बेवरेज और रिलायंस कंज्यूमर ने दिल्ली हाई कोर्ट में चुनौती दी है। कंपनियों का कहना है कि नियामक ने बिना किसी पूर्व सूचना के ये प्रतिबंध लागू किए हैं।
रेड बुल को कोर्ट से मिली राहत
इस विवाद में रेड बुल को दिल्ली हाई कोर्ट से राहत मिली है। अदालत ने कंपनी को एनर्जी ड्रिंक लेबल का इस्तेमाल जारी रखने की अनुमति देते हुए स्टे दिया है। हालांकि, अन्य कंपनियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपना मौजूदा स्टॉक खत्म होने के बाद इस वर्गीकरण का इस्तेमाल बंद कर दें।
FSSAI ने रेड बुल को मिली इस राहत को भी अदालत में चुनौती दी है। नियामक का तर्क है कि इस छूट से रेड बुल को बाजार में अपने प्रतिस्पर्धियों के मुकाबले अनुचित व्यावसायिक लाभ मिल सकता है। इस मामले की अगली सुनवाई जनवरी में होनी है।
इस पूरे मामले ने एक बार फिर पैक्ड पानी, मसालों और अन्य खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता जांच तथा उपभोक्ताओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Read More:

