Himachal Pradesh Shimla Landslide: हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के बीच राजधानी शिमला से भूस्खलन की खबर सामने आई है। पहाड़ों की रानी शिमला में क्राइस्ट चर्च के नजदीक लैंडस्लाइड होने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। भूस्खलन के चलते क्राइस्ट चर्च के साथ लगती सड़क की दीवार का एक हिस्सा ढह गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। फिलहाल प्रशासन पूरे इलाके पर नजर बनाए हुए है।
बारिश से बढ़ा भूस्खलन का खतरा
लगातार हो रही बारिश के कारण हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा काफी बढ़ गया है। प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान यात्रा से बचने और संवेदनशील क्षेत्रों में सावधानी बरतने की अपील की है। साथ ही स्थानीय निवासियों और पर्यटकों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
मौके पर पहुंचीं नगर निगम की टीमें
भूस्खलन की सूचना मिलते ही नगर निगम शिमला की टीम मौके पर पहुंच गई और जरूरी काम शुरू कर दिया गया है। प्रशासन प्रभावित क्षेत्र की लगातार निगरानी कर रहा है ताकि किसी भी संभावित खतरे से समय रहते निपटा जा सके।
चंबा में फ्लैश फ्लड से सड़क बंद
इससे पहले चंबा जिले के चुराह क्षेत्र में भारी बारिश के बाद पंगोला नाले में अचानक फ्लैश फ्लड आ गया। तेज बहाव के साथ भारी मात्रा में मलबा और पत्थर आने से चंबा-तीसा सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई, जिससे क्षेत्र में यातायात प्रभावित हो गया। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है।
इन जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कांगड़ा, ऊना और सिरमौर जिलों के अलग-अलग इलाकों में भारी से अति भारी वर्षा हो सकती है। वहीं चंबा, मंडी और शिमला के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। विभाग ने आगाह किया है कि बारिश के कारण सड़कों पर फिसलन और घना कोहरा होने जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं। ऐसे में वाहन चालकों को ज्यादा सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
Read More:
स्पैम कॉल पहचानने वाला Truecaller अब खुद रडार पर! TRAI करेगा बड़ी कार्रवाई? जानिए क्या है पूरा मामला

