कबड्डी खिलाड़ी और प्रमोटर राणा बलाचौरिया हत्याकांड(Balachauria Murder Case) में पंजाब पुलिस को अहम कामयाबी मिली है। एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने इस मामले के मुख्य शूटर आदित्य उर्फ मक्कन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों और त्रिपुरा पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को अगरतला से गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के बाद से वह फरार था और लगातार अपने ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा था।
गौरतलब है कि 15 दिसंबर 2025 को मोहाली के सोहाना गांव में दिनदहाड़े राणा बलाचौरिया की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी थी।
रचि गई थी हत्या की साजिश
जांच में पता चला कि हत्या पहले से रची गई साजिश का हिस्सा थी जिसमें विदेश में बैठे कुछ लोगों की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, आदित्य उर्फ मक्कन इस वारदात में मुख्य हमलावर के तौर पर शामिल था।
इस केस में जुड़े अन्य आरोपियों को एजीटीएफ पहले ही कोलकाता से गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि मक्कन अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर था। तकनीकी सुराग और खुफिया जानकारी के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रैक कर आखिरकार उसे पकड़ लिया गया।
जानकारी जुटाने में जुटी पुलिस
फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस उसके संपर्कों, नेटवर्क और इस हत्या से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।