पंजाब में एक ही रात में दो अलग-अलग जगहों पर हुए धमाकों(Punjab Double Blast) ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। पहला विस्फोट जालंधर में हुआ जबकि कुछ ही घंटों बाद अमृतसर से भी धमाके की खबर सामने आई। जालंधर में यह घटना रात करीब 8:15 बजे की बताई जा रही है। यहां BSF के पंजाब मुख्यालय के बाहर खड़ी एक स्कूटी में अचानक धमाका हो गया।
विस्फोट के बाद आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, राहत की बात यह है कि अब तक इस घटना में किसी के घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
इस मामले पर जालंधर पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने बताया कि पुलिस की गश्ती टीम उस समय मौके के आसपास ही मौजूद थी। उन्होंने कहा कि गेट के पास खड़ी स्कूटी में अचानक आग लग गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह स्कूटी वहां काम करने वाले एक व्यक्ति की हो सकती है।
फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और BSF से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पहली घटना के कुछ घंटे बाद, रात करीब 10:30 बजे अमृतसर के खासा इलाके में आर्मी कैंप के पास भी धमाका हुआ।
दीवारों में हुआ कंपन
स्थानीय लोगों के अनुसार, विस्फोट की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी और इसकी तीव्रता इतनी थी कि आसपास की दीवारों में कंपन महसूस किया गया। दोनों घटनाओं के बाद सेना और पंजाब पुलिस तुरंत हरकत में आ गईं। फॉरेंसिक टीमें मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र कर रही हैं और आसपास के इलाकों को घेरकर गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल किसी बड़े नुकसान या जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, इन धमाकों की वजह और इनके पीछे की सच्चाई जानने के लिए जांच जारी है।