गुजरात आयुर्वेद यूनिवर्सिटी की तीसरे वर्ष की ‘शल्य तंत्र-1’ (सर्जरी) परीक्षा को लेकर पेपर लीक का मामला सामने आया है। आरोप है कि परीक्षा शुरू होने से पहले ही प्रश्नपत्र से जुड़े सवाल सोशल मीडिया पर वायरल हो गए थे। शुरुआती जानकारी के अनुसार, परीक्षा में पूछे गए 12 में से 11 सवाल कथित रूप से पहले से वायरल हो रहे मैसेज से मेल खाते हैं। मामले की जानकारी मिलने के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।
सोशल मीडिया पर वायरल
बताया जा रहा है कि परीक्षा शुरू होने से पहले सोशल मीडिया और व्हाट्सएप पर ‘Important Topics’ नाम से एक मैसेज तेजी से शेयर किया गया। परीक्षा के बाद जब प्रश्नपत्र का मिलान किया गया तो उसमें शामिल अधिकांश सवाल इसी वायरल मैसेज से मिलते-जुलते पाए गए। इस घटनाक्रम के बाद परीक्षा की गोपनीयता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
पहली नजर में सवाल मेल खाते दिखे बोले प्रोफेसर
जूनागढ़ आयुर्वेदिक कॉलेज के प्रोफेसर और यूनिवर्सिटी स्क्वॉड के सदस्य डॉ. अल्पेश जरसानिया ने बताया कि 20 जुलाई को निरीक्षण के दौरान कॉलेज के एक फैकल्टी सदस्य ने उन्हें व्हाट्सएप पर वायरल हो रहे सवालों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सूचना मिलने के तुरंत बाद उन्होंने सवालों का मिलान किया और इसकी जानकारी यूनिवर्सिटी के कंट्रोलर ऑफ एग्जामिनेशन को दी। डॉ. जरसानिया के मुताबिक, शुरुआती जांच में ऐसा लगता है कि प्रश्नपत्र के 12 में से 11 सवाल वायरल मैसेज से मेल खाते हैं। हालांकि, अंतिम पुष्टि विषय विशेषज्ञों और यूनिवर्सिटी की जांच के बाद ही होगी।
यूनिवर्सिटी ने बनाई विशेष जांच समिति
गुजरात आयुर्वेद यूनिवर्सिटी के कार्यवाहक परीक्षा निदेशक एच.पी. झाला ने कहा कि 26 कॉलेजों के करीब 1200 छात्रों ने यह परीक्षा दी थी। उन्होंने बताया कि परीक्षा समाप्त होने के बाद वायरल मैसेज की जानकारी सामने आई, जिसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई। एच.पी. झाला ने कहा कि यदि जांच में पेपर लीक के तथ्य सामने आते हैं तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Read More
राम मंदिर चंदा चोरी मामले में सुप्रीम कोर्ट सख्त, दो हफ्ते के भीतर मांगी स्टेटस रिपोर्ट

