देश में सहकारिता आधारित सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार को गुजरात के 14 शहरों में ‘भारत टैक्सी’(Bharat Taxi) सेवा की शुरुआत हो गई है। गुजरात की राजधानी गांधीनगर में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस योजना को हरि झंडी दिखाकर इसकी शुरुआत कर दी है। इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि आने वाले दो सालों में इस सेवा का फैलाव देश के 500 प्रमुख शहरों तक किया जाएगा।
भारत टैक्सी को देश की पहली सहकारिता मॉडल पर आधारित टैक्सी सेवा बताया जा रहा है। इस व्यवस्था में वाहन का मालिक खुद अपनी टैक्सी चलाएगा जिससे उसकी कमाई पर किसी तीसरे पक्ष का कमीशन नहीं कटेगा। इससे ड्राइवरों की आय बढ़ने की उम्मीद है वहीं यात्रियों को भी अपेक्षाकृत किफायती किराए पर यात्रा की सुविधा मिल सकेगी।
कई बड़े शहरों में होगा विस्तार
योजना के तहत शुरुआती चरण के बाद इसे देश के प्रमुख शहरों में लागू किया जाएगा। इनमें नागपुर, पुणे, मुंबई, लखनऊ, चंडीगढ़, जयपुर और कोलकाता जैसे शहर शामिल हैं। इस सेवा के लिए ‘सारथी’ नामक डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार किया गया है, जिसके माध्यम से ड्राइवर और यात्री आपस में जुड़ सकेंगे और यात्रा से जुड़ी सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।
ड्राइवरों को मिलेंगी ये सुविधाएं
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि यह योजना केवल परिवहन सेवा तक सीमित नहीं है बल्कि इसका उद्देश्य टैक्सी चालकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना भी है। इसके तहत ड्राइवरों को कम ब्याज दर पर वाहन खरीदने के लिए ऋण, परिवार के लिए बीमा सुरक्षा और कारोबार बढ़ाने के लिए वित्तीय सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
सरकार का लक्ष्य इस योजना के माध्यम से देशभर में सात लाख से अधिक टैक्सी स्वामी-चालकों को जोड़ना है। इससे न केवल रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे बल्कि यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और किफायती परिवहन सेवा भी उपलब्ध हो सकेगी।