पंजाब के तरनतारन जिले में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। CIA स्टाफ ने दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर उनके पास से 3 किलो 116 ग्राम हेरोइन, दो पिस्टल, दो मोबाइल फोन और बिना रजिस्ट्रेशन की एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 15 करोड़ रुपये है।
नाकेबंदी के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपी
पुलिस टीम ने गांव बासरके की दाना मंडी में विशेष चेकिंग अभियान चलाया था। इसी दौरान एक बिना नंबर वाली मोटरसाइकिल पर दो युवक आते दिखाई दिए। संदेह होने पर पुलिस ने उन्हें रोककर तलाशी ली। जांच में भारी मात्रा में हेरोइन और दो अवैध पिस्टल मिलने के बाद दोनों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया।
दोनों आरोपी तरनतारन के रहने वाले
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान जगदीप सिंह निवासी दुगरी और आकाश दीप सिंह निवासी माड़ी उदोके, जिला तरनतारन के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई पहले से मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई थी, जिसके बाद इलाके में नाकेबंदी कर निगरानी बढ़ाई गई।
पाकिस्तान कनेक्शन की जांच में जुटी पुलिस
दोनों आरोपियों के खिलाफ खालड़ा थाना में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। अब पुलिस उनसे पूछताछ कर यह जानने की कोशिश कर रही है कि हेरोइन और हथियारों की खेप कहां से लाई गई और इसमें किन लोगों की भूमिका है। जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि क्या आरोपियों के तार पाकिस्तानी तस्करों या किसी बड़े अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर इस पूरे गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जाएगी और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
Read More
पेपर लीक करने पर 10 साल की जेल और 10 करोड़ रुपये जुर्माना, कैबिनेट ने संशोधन विधेयक को दी मंजूरी

