Donald Trump on Ayatollah Ali Khamenei: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली खामेनेई के मातम पर ऐसा बयान दिया है, जिसे सुनकर दुनियाभर के लोग हैरान हैं। एक्सियोस से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा, ‘वे सब वहां हैं। एक गोली चला दी जाए तो सबको खत्म किया जा सकता है।’ जिसके बाद उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका ऐसा नहीं करेगा, क्योंकि फिर बातचीत करने के लिए वहां कोई नहीं बचेगा।
बातचीत पर भी दिया बयान
ट्रंप ने दावा किया कि वह खामेनेई के जनाजे पर नजर रख रहे हैं और उनका मानना है कि ईरान दोबारा बातचीत शुरू करने के लिए काफी उतावला है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने जनाजे से जुड़े कार्यक्रम पूरे होने तक एक हफ्ते का विराम रखने का फैसला किया है। इस दौरान किसी भी तरह की गोलीबारी नहीं होगी और उसके बाद बातचीत फिर शुरू करने की कोशिश की जाएगी।
खामेनेई की मौत का जिक्र
रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली खामेनेई की मौत अमेरिका और इजरायल के हमले में हुई थी। बताया गया कि यह हमला युद्ध के पहले दिन हुआ था। खामेनेई की मौत के बाद ईरान की सत्ता और क्षेत्रीय हालात को लेकर नई चर्चाएं तेज हो गई हैं।
‘ईरान डील करने के लिए गिड़गिड़ा रहा’
डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी दावा किया कि ईरान किसी समझौते के लिए बेहद बेचैन है। उन्होंने कहा कि ईरान डील करने के लिए गिड़गिड़ा रहा है। अमेरिका और ईरान के बीच फिलहाल बातचीत रुकी हुई है, लेकिन दोनों देश एक सप्ताह बाद फिर से बातचीत शुरू करने की कोशिश करेंगे। इस पूरे मामले पर दुनिया भर की नजर बनी हुई है।
ईरानी आंसुओं पर भी उठाए सवाल
ट्रंप ने तेहरान में जनाजे के दौरान लोगों के रोने पर भी रिएक्शन दिया । उन्होंने कहा कि शायद ईरानी लोग नकली आंसू बहा रहे हैं। उनके इस बयान ने विवाद को और बढ़ा दिया है। ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब ईरान में हजारों लोग अपने पूर्व सर्वोच्च नेता को अंतिम विदाई देने पहुंचे थे।
अंतिम विदाई में लगे ‘बदला लेंगे’ के नारे
शनिवार को तेहरान में आयोजित अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इस दौरान ‘बदला लेंगे’ के नारे लगाए गए। खामेनेई का शव ग्रैंड मोसल्ला प्रार्थना परिसर में रखा गया था। अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे लोग लाल झंडे लेकर आए थे, जिसे शिया परंपरा में बदला लेने का प्रतीक माना जाता है। खामेनेई का ताबूत ईरानी झंडे में लपेटा गया था और उसी हमले में मारे गए उनके परिवार के दूसरे सदस्यों के ताबूत भी पास में रखे गए थे।खामेनेई की मौत के बाद उनके बेटे आयतुल्लाह मोजतबा खामेनेई को नया सर्वोच्च नेता बनाया गया है।
Read More:

