कोटा नगर निगम के मेयर चुनाव में बीजेपी की अनुसुईया गोस्वामी ने जीत दर्ज की है। मतदान में उन्हें 65 वोट मिले, जबकि कांग्रेस की प्रत्याशी सुनीता सुमन के पक्ष में 35 पार्षदों ने मतदान किया। कांग्रेस के पास 39 पार्षद होने के बावजूद उसकी प्रत्याशी को 35 वोट ही मिले। ऐसे में कांग्रेस खेमे में क्रॉस वोटिंग की चर्चा शुरू हो गई है। बीजेपी के पास 57 पार्षद हैं। वहीं, चार निर्दलीय पार्षदों में से दो पहले ही बीजेपी को समर्थन देने का ऐलान कर चुके थे। चुनाव नतीजों के बाद बीजेपी ने मेयर पद पर अपना कब्जा बरकरार रखा।
बस से मतदान करने पहुंचे बीजेपी पार्षद
मेयर चुनाव के लिए बीजेपी के पार्षद बस से नगर निगम पहुंचे। कई पार्षदों ने सिर पर पगड़ी पहन रखी थी। मतदान से पहले बीजेपी प्रत्याशी अनुसुईया गोस्वामी ने अपनी जीत को लेकर भरोसा जताया और कहा कि उन्हें अच्छे वोट मिलने की उम्मीद है। दूसरी ओर कांग्रेस के पार्षद अपनी प्रत्याशी सुनीता सुमन के साथ मतदान केंद्र पहुंचे। सुनीता सुमन ने कहा कि सभी पार्षद उनके साथ हैं और उन्हें जीत की उम्मीद है। मतदान को देखते हुए प्रशासन ने निगम के आसपास बैरिकेडिंग की थी। इसी दौरान कांग्रेस के कुछ नेताओं को बाहर ही रोक दिया गया। कोटा शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष राखी गौतम ने इसे लेकर प्रशासन पर पक्षपात का आरोप लगाया। राखी गौतम ने कहा कि बीजेपी बहुमत को लेकर आशंकित है और कांग्रेस पार्षदों पर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है। उनका आरोप था कि बीजेपी नेताओं को मतदान के दौरान अंदर जाने दिया गया, जबकि कांग्रेस नेताओं को बाहर रोक दिया गया।
सुकेत नगर पालिका में भी BJP का कब्जा
कोटा जिले की 25 वार्ड वाली सुकेत नगर पालिका में भी अध्यक्ष पद बीजेपी के खाते में गया। यहां बीजेपी के जितेंद्र चोपड़ा ने कांग्रेस के उमरदीन को एक वोट से हराया। जितेंद्र चोपड़ा को 13 वोट मिले, जबकि उमरदीन को 12 मत प्राप्त हुए। सुकेत नगर पालिका में कांग्रेस के 11, बीजेपी के 10 और चार निर्दलीय पार्षद हैं। इसके बावजूद अध्यक्ष पद के मतदान में बीजेपी प्रत्याशी को बहुमत हासिल हुआ और उन्होंने 13-12 के अंतर से चुनाव जीत लिया। कोटा और सुकेत, दोनों जगह हुए चुनावों में निर्दलीय पार्षदों की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही। कोटा में दो निर्दलीय पहले ही बीजेपी को समर्थन दे चुके थे, जबकि सुकेत में चार निर्दलीय पार्षदों के रुख पर भी चुनावी नतीजे निर्भर थे।
Read More
‘पापा के लौटने की थी उम्मीद’, मुश्ताक के बेटे ने संभाला परिवार, फैंस से कहा- उन्हें सेलिब्रेट करो

