अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन से सुरक्षा से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। व्हाइट हाउस के नजदीक एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों को उसकी गाड़ी से तीन हथियार और बड़ी संख्या में कारतूस मिले हैं। अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान व्यक्ति ने दावा किया कि उसे कुछ आवाजें सुनाई दे रही थीं जो उसे वॉशिंगटन जाकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप(Trump) की हत्या करने के लिए कह रही थीं।
यह घटना गुरुवार रात की बताई जा रही है। उस दौरान सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने एक खड़ी कार में बैठे व्यक्ति की गतिविधियों को संदिग्ध पाया। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर गाड़ी की तलाशी ली गई।
कौन है गिरफ्तार किया गया व्यक्ति?
अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग (DHS) के मुताबिक, गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान रॉनी यॉर्ड्रिक्स गुआनिपा चिरिनोस के रूप में हुई है। अधिकारियों को जांच के दौरान यह भी पता चला कि जिस गाड़ी में वह मौजूद था उसके चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज थी।
तलाशी में कार से तीन अलग-अलग तरह के हथियार और दर्जनों कारतूस बरामद किए गए। DHS ने बताया कि आरोपी मूल रूप से वेनेजुएला का रहने वाला प्रवासी है और अमेरिका में अवैध रूप से रह रहा था। वह मार्च 2024 में टेक्सास के रास्ते अमेरिका पहुंचा था।
अमेरिकी मार्शल्स की हिरासत में आरोपी
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। फिलहाल वह अमेरिकी मार्शल्स सर्विस की हिरासत में है। होमलैंड सिक्योरिटी सेक्रेटरी मार्कवेन मुलिन ने इस कार्रवाई में शामिल सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की सतर्कता के कारण संभावित खतरे को समय रहते रोक लिया गया।
व्हाइट हाउस ने नहीं दिया बयान
इस पूरे मामले पर व्हाइट हाउस की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है। सवाल पूछे जाने पर व्हाइट हाउस ने मीडिया को DHS और सीक्रेट सर्विस से संपर्क करने को कहा।
गौरतलब है कि ट्रंप के दोबारा राष्ट्रपति बनने के बाद से उनकी और उनके परिवार की सुरक्षा को लेकर एजेंसियां लगातार सतर्क हैं। इससे पहले भी ट्रंप और उनके परिवार को धमकी देने के आरोपों में कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है।