महाराष्ट्र(Maharashtra) में आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) को बड़ी कामयाबी मिलने की खबर सामने आई है। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के ठाकुर्ली इलाके से एक इनामी नक्सली को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान संजय सरोज यादव उर्फ संजय गोदराय उर्फ बुधराम के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 45 साल बताई जा रही है। झारखंड सरकार ने उस पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी मूल रूप से झारखंड के जंगलों वाले इलाके का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि वह पिछले करीब 10 दिनों से ठाकुर्ली में रह रहा था। ATS ने उसे गिरफ्तार करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
ATS कोर्ट में होगी पेशी
गिरफ्तारी के बाद अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि संजय यादव महाराष्ट्र क्यों आया था और यहां किसके संपर्क में था। वह किस उद्देश्य से ठाणे में रह रहा था इसकी भी जांच की जा रही है। आरोपी को अदालत में पेश किए जाने की जानकारी सामने आई है। जांच के दौरान उसके अन्य संभावित संपर्कों और गतिविधियों की भी पड़ताल की जा सकती है।
वाराणसी में मारा गया था 30 लाख का इनामी नक्सली
इससे पहले सितंबर 2026 में उत्तर प्रदेश के वाराणसी में मुठभेड़ के दौरान नक्सली कमांडर बृजेश गंझू उर्फ गोपाल सिंह मारा गया था। वह झारखंड के प्रतिबंधित संगठन तृतीय प्रस्तुति कमेटी (TPC) का कमांडर था। NIA ने उसे टेरर फंडिंग मामले में वांटेड घोषित किया था।
उस पर झारखंड सरकार की ओर से 25 लाख और NIA की तरफ से 5 लाख रुपये का इनाम था। इस तरह उस पर कुल 30 लाख रुपये का इनाम घोषित था। मुठभेड़ के दौरान पुलिस के DSP और एक हेड कांस्टेबल भी बाल-बाल बचे थे।
नक्सलवाद के खिलाफ जारी है अभियान
देश में नक्सलवाद पर नियंत्रण के लिए सुरक्षा एजेंसियां लगातार अभियान चला रही हैं। इस दौरान आत्मसमर्पण करने वाले लोगों को समाज की मुख्यधारा में लौटने का अवसर दिया जा रहा है। वहीं, हिंसक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जा रही है। ठाणे में हुई यह गिरफ्तारी भी नक्सल गतिविधियों पर निगरानी और कार्रवाई के प्रयासों के बीच अहम मानी जा रही है।