बिहार के समस्तीपुर में एक लड़की के साथ सड़क पर छेड़छाड़ और बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। वीडियो में कुछ युवक लड़की को घेरकर उसके साथ अभद्र व्यवहार करते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना सामने आने के बाद इलाके में लड़कियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
जगतसिंहपुर गांव में सामने आया मामला
घटना कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, बांध बाइपास रोड पर लड़की के साथ कुछ युवकों ने गाली-गलौज और छेड़छाड़ की। बुधवार देर शाम घटना का करीब 56 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की।
जमुई जैसी घटना अब समस्तीपुर में भी!
बिहार में जमुई के बाद समस्तीपुर में भी सुनसान सड़क पर युवती से कथित छेड़खानी, बैड-टच, हाथ मरोड़ने और गाली-गलौज का वीडियो वायरल होना बेहद शर्मनाक और चिंताजनक है।
@SamastipurPolice से अनुरोध है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी एवं… pic.twitter.com/KERh00O4bC
— NCIB Headquarters (@NCIBHQ) September 24, 2026
वीडियो में लड़की को परेशान करते दिखे युवक
वायरल वीडियो में लड़की सड़क पर खड़ी दिखाई देती है और कुछ युवक उसे परेशान करते नजर आते हैं। वीडियो के मुताबिक, एक युवक बार-बार लड़की का हाथ पकड़ता है। लड़की इसका विरोध करते हुए खुद को छोड़ने के लिए कहती है। जब लड़की कहती है कि वह अपने भाई को बुलाएगी, तो युवक उसे भाई को बुलाने की बात कहते हैं। वीडियो में एक युवक के लड़की के साथ मारपीट की कोशिश करने का आरोप भी सामने आया है।
सुबह घर से पकड़े गए चार आरोपी
समस्तीपुर के प्रभारी सदर DSP ने बताया कि वीडियो में लड़की के साथ छेड़छाड़ करते दिखाई दे रहे चारों आरोपियों को गुरुवार सुबह उनके घरों से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में जगतसिंहपुर वार्ड-2 निवासी विकास कुमार शर्मा, पिता सुधीर कुमार शर्मा और वार्ड-1 निवासी राहुल कुमार, पिता अरुण कुमार पासवान शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, विकास कुमार शर्मा के खिलाफ पहले से शराब से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।
फोटो लेने के दौरान हुई घटना
बताया जा रहा है कि लड़की एक युवक के साथ बांध बाइपास रोड से गुजर रही थी। इसी दौरान वह सड़क पर रुककर फोटो लेने लगी। आरोप है कि तभी वहां कुछ स्थानीय युवक पहुंचे और लड़की के साथ गाली-गलौज करते हुए छेड़छाड़ और गलत तरीके से छूने लगे। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और पुलिस तक मामला पहुंचा।
Read More
पंजाब में बर्खास्त AIG राजजीत सिंह ने पटियाला में किया सरेंडर, 3 साल से थे फरार, अब गिरफ्तार…

