Gorakhpur Boat Accident: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर स्थित रामगढ़ताल नौका विहार में रविवार रात करीब 9:30 बजे दो स्पीड बोटों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि हादसे में 8 लोग घायल हो गए। पांच घायलों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि 3 भर्ती हैं।
दोनों नाव पर 15 लोग सवार
पुलिस के मुताबिक, दोनों नाव पर 15 लोग सवार थे। यह नाव प्लेटफॉर्म से झील की ओर जा रही थी, तभी यात्रियों से भरी एक दूसरी नाव प्लेटफॉर्म की ओर लौट रही थी। दोनों नावें आमने-सामने टकरा गईं। बाहर जा रही नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। नाव के पलटते ही यात्रियों में अफरातफरी मच गई और चीख-पुकार शुरू हो गई, कई लोग पानी में गिर गए और डूबने लगे।
घायलों को अस्पताल ले जाया गया
मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और बोटिंग साइट की पुलिस चौकी के प्रभारी ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। सभी को सुरक्षित पानी से बाहर निकाल लिया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों लखमुद्दीन, कायमउद्दीन अंसारी, हमजा नाम के एक बच्चे और एक अन्य युवक को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया। मृतक के परिजनों की तहरीर पर दोनों बोट चालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जबकि एक चालक को हिरासत में ले लिया गया है। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
घूमने आए थे दोनों दोस्त
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुशीनगर के दो युवक रामगढ़ताल में स्पीड बोटिंग का आनंद लेने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी स्पीड बोट सामने से आ रही दूसरी स्पीड बोट से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
कुशीनगर के युवक की गई जान
मृतक की पहचान कुशीनगर जिले के हाटा थाना क्षेत्र के पीपरा गांव निवासी 21 वर्षीय लखमुद्दीन के रूप में हुई है। वहीं घायल कयामुद्दीन अंसारी कुशीनगर के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के अजीज नगर का रहने वाला है। दोनों रविवार को घूमने के उद्देश्य से गोरखपुर आए थे।
अस्पताल में युवक को मृत घोषित किया गया
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल भिजवाया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने लखमुद्दीन को मृत घोषित कर दिया, जबकि कयामुद्दीन अंसारी का उपचार जारी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
तेज रफ्तार को माना जा रहा शुरुआती कारण
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और स्पीड बोट का नियंत्रण बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है। मामले में एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि तेज रफ्तार मोटर बोट दूसरी बोट से टकराने के बाद उसके ऊपर चढ़ गई, जिससे सिर में गंभीर चोट लगने के कारण एक युवक की मौत हो गई।
DM ने जांच के दिए निर्देश
हादसे के बाद जिलाधिकारी दीपक मीणा ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं। प्रशासन पूरे मामले की जांच करेगा और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने यह सवाल भी उठाया है कि आखिर देर रात तक नौका विहार की अनुमति किस आधार पर दी गई थी। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद जिम्मेदारी तय कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Read More:

