HomeBreaking News'अब बात सिर्फ PoK पर होगी...' कारगिल विजय दिवस पर रक्षा मंत्री...

‘अब बात सिर्फ PoK पर होगी…’ कारगिल विजय दिवस पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को दे डाली सबसे बड़ी चेतावनी

Rajnath Singh on PoK: कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ पर लद्दाख के द्रास स्थित कारगिल वॉर मेमोरियल से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को लेकर बड़ा राजनीतिक और रणनीतिक संदेश दिया है। कारगिल युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “पाकिस्तान के साथ PoK के अलावा किसी और मुद्दे पर नहीं होगी बातचीत।” उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा है, जिस पर पाकिस्तान ने गैरकानूनी कब्जा कर रखा है।

शहीदों के साहस को किया नमन

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में 1999 के कारगिल युद्ध को याद करते हुए कहा, “27 साल पहले पाकिस्तान ने धोखे से हमारी पहाड़ियों पर कब्जा करने की कोशिश की, लेकिन हमारे जवानों के हौसले को नहीं समझ पाया।” उन्होंने कहा कि भारतीय सैनिकों ने कठिन से कठिन परिस्थितियों में अदम्य साहस का परिचय देते हुए दुश्मन की हर साजिश को विफल किया और देश की रक्षा की।

आज भी कायम है भारतीय सेना का वही जज्बा

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, आज भी हमारे जवानों में वही जज्बा है जिसने कारगिल युद्ध के दौरान असंभव लगने वाले मिशन को सफल बनाया था। उन्होंने कहा कि उस समय भारतीय सैनिकों ने सिर्फ दुर्गम पहाड़ियां ही नहीं चढ़ीं, बल्कि साहस और पराक्रम की नई मिसाल भी कायम की है। उनके अनुसार भारतीय सेना आज भी हर चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह सक्षम और तैयार है।

भारत-पाकिस्तान की सोच में बताया अंतर

अपने संबोधन में रक्षा मंत्री ने भारत और पाकिस्तान के विकास मॉडल की तुलना भी की। उन्होंने कहा, “भारत नवाचार, स्टार्टअप, सेमीकंडक्टर, स्पेस मिशन और डेटा सेंटर बना रहा है। दुनिया को सॉफ्टवेयर और UPI जैसी सुविधाएं दे रहा है। वहीं पाकिस्तान आतंक के नए तरीके ढूंढ रहा है।” उन्होंने कहा कि दोनों देशों की दिशा और प्राथमिकताएं पूरी तरह अलग हैं।

आतंकवाद पर पाकिस्तान को घेरा

रक्षा मंत्री ने कहा, “भारत जहाज बना रहा है तो पाक आतंक की साजिशें रच रहा है। भारत स्पेस में सैटेलाइट भेज रहा है तो पाक बॉर्डर पर आतंकवादी भेज रहा है। भारत डेटा सेंटर बना रहा है तो पाक रेडिकलाइजेशन सेंटर चला रहा है।” उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान में आतंकवाद अब सरकारी नीति का हिस्सा बन चुका है और वहां सेना तथा आतंकवादी संगठनों के बीच का अंतर लगभग खत्म हो गया है।

ऑपरेशन सिंदूर का भी किया जिक्र

राजनाथ सिंह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के जरिए भारत ने दुनिया को यह साफ संदेश दिया है कि आतंकवादियों और उन्हें संरक्षण देने वाली सरकार को अलग-अलग नहीं देखा जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत आतंकवाद के खिलाफ अपनी नीति पर दृढ़ता से कायम है और किसी भी चुनौती का जवाब देने में सक्षम है।

भारतीय सेना पूरी तरह तैयार

रक्षा मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यदि पाकिस्तान भारत की प्रगति में बाधा डालने या किसी भी तरह की नापाक हरकत करने की कोशिश करेगा तो भारतीय सेना उसका मुंहतोड़ जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने भरोसा जताया कि देश की सुरक्षा से जुड़े हर मोर्चे पर सेना पूरी मजबूती के साथ खड़ी है।

द्रास में सैनिकों का जोश देख हुए भावुक

द्रास स्थित कारगिल वॉर मेमोरियल में सैनिकों के बीच मौजूद रक्षा मंत्री ने कहा कि कारगिल भारत माता का अनमोल रत्न है। उन्होंने कहा कि यहां खड़े होकर सैनिकों का उत्साह, समर्पण और देशभक्ति देखना हर भारतीय के लिए गर्व का विषय है। साथ ही उन्होंने कारगिल युद्ध के सभी वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके सर्वोच्च बलिदान को राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

Read More:

‘सैनिकों का बलिदान कभी नहीं भुलाया जाएगा…’ कारगिल विजय दिवस पर PM मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू ने वीर जवानों को किया नमन

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments