उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) ने बलरामपुर जिले से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एजेंसी के अनुसार, आरोपी की पहचान शहरोज अहमद के रूप में हुई है, जिस पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े आतंकी नेटवर्क के संपर्क में रहकर भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है। ATS का कहना है कि आरोपी को बलरामपुर के गैसड़ी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है और मामले की जांच जारी है।
सोशल मीडिया के जरिए संपर्क में आया
ATS के मुताबिक, जांच के दौरान जानकारी मिली थी कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के निर्देश पर सोशल मीडिया और एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से भारत में स्लीपर सेल तैयार करने और आतंकी गतिविधियों की साजिश रची जा रही है। एजेंसी का यह भी दावा है कि पाकिस्तानी गैंगस्टर शाहजाद और आबिद जड़ के जरिए भारत में नेटवर्क फैलाने की कोशिश की जा रही थी। जांच के दौरान बलरामपुर निवासी शहरोज अहमद के इस नेटवर्क से जुड़े होने की जानकारी सामने आने के बाद उसे हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में हुए अहम खुलासे- ATS का दावा
ATS के अनुसार, पूछताछ में शहरोज अहमद ने बताया कि वह ISI एजेंट जसवीर चौधरी के फेसबुक पेज के संपर्क में आया था। इसके बाद वह एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप के जरिए उससे जुड़ा और भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल हो गया। एजेंसी का दावा है कि आरोपी ने पूछताछ में बताया कि फेसबुक पर “शूटर्स” की जुड़ी एक पोस्ट देखने के बाद उसने जसवीर चौधरी से संपर्क किया। इसके बाद उसे आतंकी योजनाओं, धन उपलब्ध कराने, हथियार खरीदने और ट्रेनिंग से जुड़ी गतिविधियों में शामिल किया गया।
लखनऊ ATS थाने में दर्ज हुआ मामला
ATS ने बताया कि आरोपी के खिलाफ लखनऊ स्थित ATS थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसे अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी, ताकि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और गतिविधियों के बारे में विस्तार से पूछताछ की जा सके।
Read More
पंजाब में नए राशन कार्ड के लिए आवेदन शुरू, 11 अगस्त तक ऑनलाइन और ऑफलाइन होगा अप्लाई

