दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में रविवार को एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए। यूरो-मेडिटेरेनियन सीस्मोलॉजिकल सेंटर (EMSC) के अनुसार, रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.6 दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र अरागुआ तट के पास समुद्र में करीब 30 किलोमीटर की गहराई में था। यह झटका 24 जून को आए 7.2 और 7.5 तीव्रता के विनाशकारी भूकंपों और उसके बाद आए 4.9 तीव्रता के आफ्टरशॉक के बाद महसूस किया गया।
1,430 लोगों की मौत
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अब तक इस आपदा में 1,430 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 3,300 से अधिक लोग घायल हैं। इसके अलावा 68,900 से ज्यादा लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। राहत एजेंसियां लगातार मलबे में फंसे लोगों की तलाश कर रही हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि भूकंप के बाद शुरुआती 48 से 72 घंटे बचाव कार्य के लिहाज से सबसे महत्वपूर्ण होते हैं, क्योंकि इसी दौरान जीवित लोगों को निकालने की संभावना सबसे अधिक रहती है।
परिजन खुद हटा रहे मलबा
कई प्रभावित इलाकों में राहत टीमों की सीमित मौजूदगी के कारण स्थानीय लोग अपने परिजनों की तलाश के लिए खुद मलबा हटाने में जुटे हैं। हथौड़े और अन्य औजारों की मदद से परिवार अपने प्रियजनों को खोजने का प्रयास कर रहे हैं।
भारत का ‘ऑपरेशन अमिस्ताद’ जारी
भारत ने वेनेजुएला की मदद के लिए ‘ऑपरेशन अमिस्ताद’ शुरू किया है। स्पेनिश भाषा में ‘अमिस्ताद’ का अर्थ ‘दोस्ती’ होता है। इस अभियान के तहत भारतीय वायुसेना के दो C-17 ग्लोबमास्टर विमान करीब 35 टन राहत सामग्री लेकर वेनेजुएला पहुंचे हैं। इसमें दवाइयां, मेडिकल उपकरण और आपात राहत सामग्री शामिल है। भारत ने 60 पैरा फील्ड हॉस्पिटल यूनिट की 41 सदस्यीय मेडिकल टीम भी भेजी है, जिसमें डॉक्टर, नर्स और मेडिकल विशेषज्ञ शामिल हैं। यह टीम घायलों का इलाज करेगी और जरूरत पड़ने पर अस्थायी अस्पताल भी स्थापित करेगी।
कई देशों ने भेजी मदद
वेनेजुएला सरकार के अनुसार, अमेरिका, मेक्सिको, कोलंबिया, अल सल्वाडोर और स्विट्जरलैंड समेत कई देशों के 861 बचावकर्मी राहत कार्य में लगे हुए हैं। वहीं, संयुक्त राष्ट्र ने भी 25 अंतरराष्ट्रीय सर्च एंड रेस्क्यू टीमों के करीब 1,000 आपातकर्मियों को प्रभावित क्षेत्रों में भेजने की घोषणा की है। भारी मशीनों और दमकल दलों की मदद से लगातार बचाव अभियान चलाया जा रहा है। अमेरिका ने भी राहत कार्य को गति देने के लिए वेनेजुएला पर लगे कुछ आर्थिक प्रतिबंधों में अस्थायी राहत देने का फैसला किया है।
Read More
गुलमर्ग में LoC के पास जोरदार ब्लास्ट से एक चरवाहे की मौत, 4 लोग घायल

